
भाजपा को लताड़ते हुए कीर्ति ने काँग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के दिये स्पष्ट संकेत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: भाजपा से निलंबित दरभंगा के वर्तमान सांसद कीर्ति आजाद भी शत्रुघ्न सिन्हा के राह पर चल पड़े हैं। उन्होंने ने 2019 का लोकसभा चुनाव दरभंगा से ही कांग्रेस पार्टी के टिकट पर लड़ने के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं। हालांकि, साथ ही यह भी कहा है कि वे जनता की भावना के अनुरूप एक राष्ट्रीय दल का चयन करेंगे।
मैथिली समाज के बीच 10 दिनों से जनसंपर्क कर रहे आजाद ने भाजपा को कोसते हुए कांग्रेस पार्टी के समर्थन में खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि देश की राजनीतिक स्थिति जिस तरह से बदल रही है, उसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में लोगों का भरोसा बढ़ा है। राहुल के अंदर काफी दम दिखता है, जो सत्ता पक्ष के लिए खतरे की घंटी है। उन्होंने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू का देश की स्वतंत्रता और स्वतंत्र भारत के निर्माण में अहम भूमिका रही है। देश की एकता, अखंडता व सामाजिक सद्भाव के लिए इस परिवार की इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने कुर्बानियां दी हैं।
शत्रुघ्न सिन्हा की राह पर चलते हुए उन्होंने कहा कि अच्छे दिन का वादा खोखला साबित हुआ। आम लोगों के साथ विशेषकर युवाओं व छात्रों में केंद्र सरकार को लेकर भारी निराशा है। आजाद ने सवालिया लहजे में केंद्र सरकार पर कटाक्ष किया कि आम लोगों को 15 लाख रुपये कब
मिलेंगे? दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने, स्मार्ट सिटी बनाने के वादे का क्या हुआ? सिर्फ बढ़ चढ़ कर वादे करना और प्रचार करना ही भाजपा की पहचान बन कर रह गयी है।
इधर कीर्ति के लगातार भाजपा पर वार के वाबजूद भी भाजपा के तरफ से कोई प्रतिक्रिया नही आना भी कहीं न कहीं जिला भाजपा में कीर्ति समर्थकों के पैठ का उदाहरण माना जा सकता है। पार्टी सूत्रों की माने तो अभी भी जिला भाजपा के कई पदासीन नेता भी कीर्ति के संपर्क में हैं और कीर्ति के प्रति श्रद्धा भी रखते हैं। यही कारण है कि शायद उनके प्रभाव से कोई कीर्ति पर पलटवार करने से बचते हैं।

