
एयरपोर्ट मामले पर जानकारी देते हुए संजय झा ने कीर्ति को बताया हवाबाज! Voice of Darbhanga

दरभंगा: मैं मिथिला का बेटा हूँ, दरभंगा मेरा कर्म क्षेत्र है। मैं कहीं बाहर से थोड़े आया हूँ जो आज जनता से झूठ बोलकर कल भाग जाऊंगा अपने घर। मुझे तो इसी माटी पानी में रहना है। कुछ लोग सिर्फ हवाबाजी में विश्वास रखते हैं, पर हम हवाबाजी में समय बर्बाद नही करते। जनता द्वारा बार बार मौका मिलने पर भी कुछ लोग सिर्फ सोशल मीडिया में फ़ोटो डालकर हवाबाजी के सिवाय कुछ नही करते। अब जनता भी मौका देते देते ऊब चुकी है। हवाबाज को नही, काम को देखेगी जनता।
उड़ान योजना के अंतर्गत दरभंगा एयरपोर्ट को आरंभ करने के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास आरंभ होने की जानकारी देते हुए उक्त बातें जदयू महासचिव संजय झा ने गुरुवार की शाम फेसबुक लाइव के माध्यम से कही। अपने वक्तव्य में अपरोक्ष रूप से बार बार मौका मिलने पर भी सिर्फ हवाबाजी का आरोप उन्होंने वर्तमान सांसद कीर्ति आजाद पर लगाया। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार राज्य योजना परिषद के सदस्य संजय कुमार झा ने बताया कि 13 जून को एयरपोर्ट ऑथारिटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन गुरु प्रसाद मोहपात्रा और और अन्य पदाधिकारियों के साथ उन्होंने एक बैठक की जिसमें तीन महत्वपूर्ण मसले पर चर्चा हुई, जिसमें रनवे का जीर्णोद्धार, अस्थायी टर्मिनल का निर्माण और जमीन अधिग्रहण का मुद्दा शामिल था। दरभंगा एयरपोर्ट मसले पर मंत्री जयंत सिन्हा से भी श्री झा ने बात की। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट ऑथारिटी ऑफ इंडिया ने कहा है कि आगामी सप्ताह में दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे के जीर्णोद्धार के लिए टेंडर आ जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले वायुसेना कह रही थी कि वह रनवे का जीर्णोद्धार करवाएगी, जिसमें डेढ़ साल का वक्त लग जाता। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि उन्होंने
संबंधित मंत्रालय से बातकर एयरपोर्ट ऑथरिटी को यह काम देने का आग्रह किया था ताकि जनवरी तक यह काम पूरा हो सके।
उन्होंने बताया कि रनवे के जीर्णोद्धार के साथ अस्थायी टर्मिनल का निर्माण भी होगा ताकि उड़ान सेवा का काम बाधित न हो। श्रीझा बताते हैं कि इससे पहले अस्थायी टर्मिनल का जो टेंडर कैंसिल हुआ था वह सिंगल टेंडर था। इस बार जो टेंडर आ रहा है उसे लिमिटेड टेंडर कहा जाता है। यह सब काम जनवरी तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। अब एयरफोर्स ने भी एयरपोर्ट ऑथारिटी को काम सौंप दिया है। रनवे जीर्णोद्धार होने के बाद 180 सीटर प्लेन और उससे अधिक क्षमता वाला प्लेन भी दरभंगा एयरपोर्ट पर लैंड कर पाएगा। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव संजय कुमार झा ने कहा कि जमीन अधिग्रहण संबंधित सभी महत्वूर्ण कागजात अगले हफ्ते तक पटना भेज दिया जाएगा और जनवरी से पहले जमीन अधिग्रहण का काम पूरा हो जाएगा। गौरतलब है कि दरभंगा में एयरपोर्ट की बात भारत सरकार के उड़ान योजना से संबंधित है। नरेंद्र मोदी की सरकार ने क्षेत्रीय एयरपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए 2016 में उड़ान स्कीम को लांच किया था।

