
पार्ट वन में नामांकन की नई व्यवस्था को लेकर उत्साह के साथ संशय बरकरार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: इंटरमीडिएट पास छात्र- छात्राओं में पार्ट वन में नामांकन के लिए उत्साह के साथ संशय की स्थिति बनी हुई है। पहली बार राज्य स्तर पर एक साथ ऑनलाइन आवेदन लेकर नामांकन की व्यवस्था बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से की जा रही है। इससे पहले लनामिविवि में केंद्रीकृत रूप से ऑनलाइन आवेदन लेकर मेधा सूची जारी कर वरीयता के आधार पर नामांकन हो रहा था। इसबार बीएसईबी के पोर्टल के माध्यम से डिग्री पार्ट वन सत्र 2018-19 में छात्र नामांकन ले सकेंगे। इसके लिए 18 जून से 27 जून तक नामांकन के इच्छुक छात्रों को नामांकन के लिए आवेदन करना होगा। छात्रों के पास नामांकन के लिए एक से दस कॉलेजों का विकल्प रहेगा।
एक कॉलेज के लिए 300 रुपया बतौर शुल्क जमा करना होगा। एक से अधिक कॉलेज के विकल्प देने पर प्रति कॉलेज 50 रुपये की दर से रुपये जमा करने होंगे। लनमिविवि में इस सत्र में 42 अंगीभूत एवं 27 संबद्ध कॉलेजों में नामांकन हो सकेगा इसके लिए विवि की ओर से बीएसईबी को सूची उपलब्ध करा दी गई है। विवि ने अपने क्षेत्रांतर्गत 10 कॉलेजों में नामांकन के लिए हेल्प लाइन सेंटर खोल रखा है। जहां बोर्ड के जानकार लोग छात्र- छात्राओं की जिज्ञासा को शांत कर उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करा देंगे। विवि से बोर्ड ने जितनी सूचना मांगी थी उसे उपलब्ध करा दी गई है। जो छात्र
बिहार बोर्ड से पास आउट हैं उनको तो अपना और पिता का नाम, क्रमांक, कॉलेज कोड भरते ही सारी जानकारी उपलब्ध हो जाएगी। लेकिन, जो छात्र दूसरे बोर्ड के होंगे तो उन्हें पूरी जानकारी देनी होगी। डिग्री पार्ट वन में नामांकन को ले लनामिविवि ने 10 हेल्प लाइन सेंटर खोल दिए हैं। यह बोर्ड के निदेश पर खोला गया है। दरभंगा में सीएम साइंस कॉलेज एवं एमएलएसएम कॉलेज, मधुबनी में आरएन कॉलेज, जेएन कॉलेज एवं बीएम कॉलेज रहिका, समस्तीपुर में समस्तीपुर कॉलेज, समस्तीपुर, आरबी कॉलेज दलसिंहसराय एवं एएनडी कॉलेज शाहपुरपटोरी के साथ ही बेगूसराय में जीडी कॉलेज एवं एपीएसएम कॉलेज बरौनी में हेल्प लाइन सेंटर बनाया गया है।

