
समाज के अग्रिम पंक्ति के लोग प्रस्तुत करें उदाहरण तो सफल होगा दहेज बन्दी: अमरनाथ गामी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिहार में दहेजबन्दी अभियान के समर्थन में उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी के बाद अब बिहार विधानसभा प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण समिति के सभापति सह हायाघाट के जदयू विधायक अमरनाथ गामी ने भी आडम्बर मुक्त एवं दहेज मुक्त विवाह को बढ़ावा देने केलिए उदाहरण प्रस्तुत करने की तैयारी कर ली है। 22 मई 2018 को होने वाले अपने भतीजे की सादगी पूर्ण शादी करने की जानकारी देते हुए मंगलवार को अपने आवास पर प्रेस वार्ता कर श्री गामी ने बताया कि यदि हमारे यहाँ समाज मे एक ही जगह सभी अमीर गरीब रहते है। शादी विवाह में कोई हैसियत वाला आदमी बड़ा ख़र्चा करता है तो निचले पंक्ति वाले पर भी समाज में इज्जत के नाम पर आडम्बर पूर्ण खर्चीली शादी का दवाब आ जाता है। सब ज्यादा से ज्यादा खर्चा दिखाना चाहते हैं। परंतु यदि समाज के अग्रिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति ही शादी विवाह को दहेज मुक्त एवं आडम्बर मुक्त सादगी से करके उदाहरण प्रस्तुत करे तो इसका समाज में बड़ा संदेश जाता है। निचले पंक्ति के लोग भी अनुसरण करते हैं और उनपर आडम्बर पूर्ण शादी का दवाब नही होता है।
श्री गामी ने बताया कि उनके भाई मदन गामी के पुत्र संकेत गामी की शादी 22 जून 2018 को हसन चौक स्थित पोस्ट आफिस के सामने लक्ष्मेश्वर पुस्तकालय भवन में मधुबनी निवासी विनोद कारक की पुत्री निकिता के साथ होगी जिसमें माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के
साथ अन्य कुछ मंत्रियों के आने की भी संभावना है। शादी का समय 4 बजे शाम में ही रखा गया है ताकि लाइट झालर आदि का खर्चा बचे। आगन्तुकों केलिए मात्र अल्पाहार की व्यवस्था की गयी है। सबसे बड़ी दिक्कत इस तरह की शादी में बताते हुए श्री गामी ने कहा कि आज के आधुनिकता भरे युग मे केवल एक पक्ष के चाहने से नही होता। यदि लड़का पक्ष तैयार हो गया तो लड़की पक्ष से भी आग्रह ही किया जा सकता है तैयार होने को। यदि लड़की पक्ष की रजामन्दी हो गयी तो सबसे बड़ी बात लड़का और लड़की का मानसिक रूप से सादगी पूर्ण तरीके से तैयार होना होता है। अतः यदि जनप्रतिनिधि-
अधिकारी आदि अग्रणी पँक्ति में खड़े व्यक्ति आगे आकर उदाहरण प्रस्तुत करेंगे तो निश्चित रूप से पूर्ण दहेज बन्दी सफल होगा।
इस मौके पर भाजपा जिलाउपाध्यक्ष अशोक नायक भी उपस्थित थे और तहेदिल से श्री गामी के कदम की तारीफ करते नजर आए।

