Home मुख्य शिक्षक-कर्मियों ने किया मिथिला विवि के सिंडिकेट की बैठक का घेराव। Voice of Darbhanga
मुख्य - June 19, 2018

शिक्षक-कर्मियों ने किया मिथिला विवि के सिंडिकेट की बैठक का घेराव। Voice of Darbhanga

दरभंगा: संबद्ध महाविद्यालय संघर्ष समिति के तत्वावधान में मंगलवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के सिंडिकेट की बैठक का घेराव किया गया। परिसर में प्रवेश से सुरक्षाकर्मी के रोकने के कारण शिक्षक व कर्मचारियों ने परिसर के दोनों द्वारों पर तालाबंदी कर दी।
इससे पहले संघर्ष समिति के सदस्यगण एमएमटीएम कॉलेज से जुलूस की शक्ल में रवाना हुए और कुलपति आवास पर हो रही सिंडिकेट की बैठक के घेराव के लिए वहां पहुंच गए। इस बीच सुरक्षाकर्मियों ने मुख्य द्वार को बंद कर दिया और शिक्षक कर्मियों को अंदर जाने से रोक दिया। आक्रोशित शिक्षक कर्मियों ने गेट में तालाबंदी कर दी ।
लोगों का अंदर से बाहर और बाहर से अंदर जाना बंद हो गया। इस बीच सिंडिकेट के सदस्य संस्कृत विश्वविद्यालय के सामने वाले गेट से अंदर जाते रहे सूचना मिलने पर शिक्षक कर्मियों ने इस गेट को भी बंद कर तालाबंदी कर दी। करीब पांच घंटे तक तालाबंदी जारी रही। कई बार सुरक्षाकर्मी और शिक्षक कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई ।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ रामसुभग चौधरी की अध्यक्षता में शिक्षक कर्मचारियों की सभा हुई। समिति के प्रधान महासचिव प्रो अभय कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में लूट-खसोट और अनियमितताओं का अड्डा बन गया है। भ्रष्टाचार के कारण सिंडिकेट के निर्णयों का भी अनुपालन नहीं होता है। समिति के प्रवक्ता प्रो. अखिल रंजन झा ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेताया कि अगर महाविद्यालय संघर्ष समिति के सभी जायज मांगों की पूर्ति नहीं होती है तो विश्वविद्यालय के लिए गंभीर परिणाम होंगे। मुख्य संरक्षक डा राममोहन राय ने विधान परिषद के पत्र के आलोक में संबद्ध महाविद्यालयों में अनुशंसित पदों पर कार्यरत एवं चयन समिति से अनुशंसित शिक्षकों की सेवा के संबंध में सिंडिकेट ने निर्णय लिया था कि अधिसूचना जारी कर दी जाएगी लेकिन, अभी तक नहीं की गई है। यह सिंडिकेट सदस्यों का भी अपमान है। उन्होंने स्वीकृत एवं अनुशंसित पदों पर कार्यरत शिक्षक व कर्मियों की सेवा से संबंधित अधिसूचना शीघ्र जारी करने की मांग की।
सभा को बेगूसराय के प्रो. विजय कुमार राम, प्रो. राजकुमार सिन्हा, संदीप कुमार झा, प्रो. चंद्रशेखर यादव, प्रवीण कुमार, प्रो. मुरारी मोहन झा, प्रो. देवेंद्र कुमार , प्रो. ललिताता कुमारी आदि ने भी संबोधित किया।

Share

Leave a Reply