
अतिक्रमण हटाने के विरोध में फुटकर विक्रेताओं ने जमकर काटा बवाल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बेनीपुर- बिरौल पथ पर भरत चौक स्थित सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने गए अंचल एंव नगरपरिषद कार्यालय के कर्मियों को शुक्रवार को फुटकर विक्रेताओं के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। फुटकर विक्रेता गुमती व दुकानों को जेसीबी मशीन से तोड़कर हटाने के विरोध में घंटों मुख्य पथ को जाम कर भारी हंगामा किया। मुख्य पथ पर टायर जलाकर आगजनी भी की। जाम स्थल पर फुटकर विक्रेता हेमन्त कुमार, उदय यादव, रामबाबू साहु, वीरेन्द्र पासवान, मंजू देवी, शिबकुमारी देवी , कैला खातून, शांति देवी, दुर्गेश पासवान आदि फुटकर विक्रेताओं का कहना था कि स्थानीय नगर प्रशासन उन लोगों के साथ ज्यादती कर रहा है। एक तरफ जहां गरीबों की दुकानों व कटघारा को सड़क के किनारे से हटाया जा रहा है तो दूसरी तरफ पक्का मकान वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वे लोग सड़क के किनारे ठेला या फिर कटघारा में सामान बेचकर बाल बच्चों का
भरण पोषण किसी तरह कर रहे हैं। लगभग दो घंटे तक सडक जाम रहने के बाद बहेड़ा थानाध्यक्ष शशिकांत सिन्हा ने जाम स्थल पर पहुंचकर फुटकर विक्रेताओं को समझा बुझाकर सड़क जाम को हटवाया। इस दौरान जाम स्थल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। कड़ी धूप के कारण यात्री बिलबिलाते दिखे। अंचलाधिकारी पंकज कुमार झा का कहना है कि सड़क
के दोनों ओर अतिक्रमण किए जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी, जिसको लेकर सरकारी जमीन पर से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जा रहा है, जो जारी रहेगा।

