
प्रतिरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वालों को डीएम ने किया पुरस्कृत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यों की समीक्षा की। 102 एंबुलेंस की लचर व्यवस्था पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रबंधक को दस दिनों के अंदर व्यवस्था में सुधार होने की हिदायत दी वरना कार्रवाई की चेतावनी दी। आशा के बकाए मानदेय का भुगतान अविलंब करने को कहा गया। उधर डीएम ने प्रतिरक्षण के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ व केयर के पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रत्येक स्वास्थ्य सुविधा के लिए व्यक्तिगत रूप से जवाबदेही तय करने का भी निदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि डायरिया नियंत्रण के लिए 25 जून से 7 जुलाई तक विशेष जागरुकता अभियान आहूत किया गया है। 25 जून को जिला व प्रखंड स्तर पर समारोह पूर्वक कार्यक्रम आयोजित कर इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। चिकित्सकों को अपने स्तर पर प्रत्येक माह बैठक कर दी जाने वाली सुविधाओं में बाधाओं के संबंध में जानकारी लेकर प्रतिवेदन सिविल सर्जन को भेजने का निर्देश दिया। ताकि आ रही बाधाओं को ससमय दूर किया जा सके। गर्भवती महिलाएं ज्यादा से ज्यादा संख्या में
संस्थागत प्रसव के लिए चिकित्सा केंद्रों में आए इसके लिए आशा के जरिए विशेष प्रयास किए जाने का भी निर्देश दिया गया। ”अंतरा” गर्भ-निरोधक इंजेक्शन के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार आशा के साथ-साथ पर्यवेक्षिकओं के जरिए भी करवाने के लिए कहा गया। बैठक में सिविल सर्जन अरुण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी महेश प्रसाद सिंह, वरीय उप
समाहर्ता पुष्पेश कुमार, डीपीआरओ कन्हैया कुमार आदि उपस्थित थे। प्रशस्ति पत्र पाने वालों मे प्रतिरक्षण के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले यूनिसेफ के शशि कांत सिंह, चंद्र भूषण कुमार, अमरजीत प्रसाद, शारदा झा व डब्ल्यूएचओ के डॉ. राजेंद्र कुमार को जिलाधिकारी ने सम्मानित किया।

