
ठनका गिरने से एक की मौत, पाँच घायल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र गोढ़ैल गांव के पास कमला-बलान पश्चिमी तटबंध में खरंजाकरण करने गये एक मजदूर की ठनका गिरने से घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि इसकी चपेट में आाने से पांच मजदूर जख्मी हो गये। जिन्हें ईलाज के लिये घनश्यामपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। घटना शनिवार की सुबह नौ बजे की करीब की बतायी जाती है। मृत मजदूर नवटोलिया गांववासी बिलटू चौपाल का पुत्र भन्नु चौपाल (40) बताया गया है।
प्राप्त सूचना के मुताबिक कमला-बलान पश्चिमी तटबंध में 68 वें किलोमीटर गोढ़ैल से 75 वें किलोमीटर रसियारी के बीच खरंजाकरण किया जा रहा है। सभी मजदूर तटबंध पर खरंजा करने गये थे। इसी बीच आद्र्रा नक्षत्र की पहली तेज वर्षा से बचने के लिए आधे दर्जन मजदूर गोढ़ैल तथा कुमरौल गांव के बीच तटबंध पर एक पेड़ के नीचे छिप गये। अचानक तेज आवाज के साथ बज्रपात होने से पेड़ के नीचे छिपे भन्नु की तत्काल मौत हो गयी । जबकि बज्रपात की चपेट में आकर पांच मजदूर जख्मी हो गये।
अचानक ठनका गिरने से चारों तरफ चीख पुकार मच गयी। आसपास के लोगों ने सभी जख्मी मजदूरों को घनश्यामपुर सीएचसी में भर्ती कराया। सभी घायल मजदूर बुढ़ेब गांव के बताये गये हैं। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा. एचएन मंडल ने बताया कि मो. इरफान (25), मो. मोहसिन (42), मो. मोसिल (30), मो. वसीर (35) तथा मो. फहीम(18) का अस्पताल में ईलाज चल रहा है।

