
बिजली के पोल में सटने से युवक की मौत पर आक्रोशित लोगों ने जमकर किया हंगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय प्रधान डाकघर के पास करंट प्रवाहित स्ट्रीट लाइट पोल में सटने से शनिवार को एक युवक की मौत हो गई। बताया जाता है कि युवक सुधा मिल्क वैन से दूध उतार रहा था। इस बीच वह स्ट्रीट लाइट पोल से सट गया। कोई कुछ समझता उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। मौत के बाद जब वह गिरा तो लोगों को इसका अहसास हुआ। इसके बाद लोगों ने हल्ला किया। मृतक की शिनाख्त स्थानीय सुधा मिल्क संचालक नंद कुमार कामती के पुत्र राहुल कुमार (18) के रूप में की
गई है। नंद कुमार कामती बहादुरपुर गांव के निवासी हैं। घटना की जानकारी परिजनों को दी गई। परिजनों के आते ही स्थानीय दुकानदार विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोशित होकर लहेरियासराय स्टेशन रोड को जाम कर दिया। नाराज लोगों ने विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चट्टी चौक, डाकघर व लहेरियासराय टावर चौक पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया।
आक्रोशित लोग विद्युत विभाग के कनीय अभियंता पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने, मृतक के परिजन को दस
लाख रुपये मुआवजा एवं सरकारी नौकरी दिलाने की मांग पर अड़े हुए थे। लहेरियासराय थाने की पुलिस पहुंच कर आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन, कोई समझने को तैयार नहीं थे। सड़क जाम कर रहे राजद नेता सुनीति रंजन दास, जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि रामलखन पासवान, सुरेश कामत, गजेंद्र शर्मा, राजू गुप्ता, सुमन, राजा, आशीष, नंदन, पंकज, महेश, उमेश, रंजीत, सुजीत आदि ने कहा कि पोल में करंट आता है इसकी जानकारी विभाग को कई बार दी गई। लेकिन, विभाग ने संज्ञान नहीं लिया। नतीजतन एक गरीब परिवार का होनहार लाल असमय काल कवलित हो गया। सड़क जाम रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद बहादुरपुर बीडीओ ने मृतक के परिजन को सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 20 हजार रुपये का चेक व मुखिया नंदलाल ठाकुर ने कबीर अंत्येष्टि योजना से तीन हजार रुपये दिए। साथ ही विभाग से मुआवजा की राशि दिलाने का आश्वासन दिया। करीब तीन घंटे बाद आक्रोशित लोग जाम हटाने को राजी हुए। थानाध्यक्ष आरके शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया।

