Home मुख्य बैंक से पैसा निकाल कर जा रहे बुजुर्ग का बैग छीन भाग रहा उचक्का धराया। Voice of Darbhanga
मुख्य - June 25, 2018

बैंक से पैसा निकाल कर जा रहे बुजुर्ग का बैग छीन भाग रहा उचक्का धराया। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के स्वीट होम चौक के पास अवस्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से सोमवार की दोपहर राशि लेकर निकल रहे ग्राहक का झोला झपट कर भाग रहे उचक्के को लोगों ने नाटकीय ढंग से दबोच लिया। एक उचक्का लोगों की गिरफ्त से निकलकर फरार हो गया। इसी दौरान विशेष गश्ती दल के जवान वहां पहुंच गए। पुलिस उचक्के को दबोचकर थाना ले आई।
उसकी पहचान कटिहार जिला के रौतारा निवासी योगेन्द्र यादव के पुत्र आशीष कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से उचक्कों की पल्सर बाइक बरामद की है। फरार होने वाले उचक्के के अलावा झपट्टा मार गिरोह के अन्य सदस्यों के गिरेबान तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार किए गए उचक्के से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि वह कटिहार के कोढ़ा गैंग का सदस्य है।
लोगों के अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे झोला में करीब सवा लाख रुपये रखकर एक वृद्ध ग्राहक बैंक से निकले। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो उचक्कों ने झपट्टा मारकर रुपये भरा झोला छीनने का प्रयास किया। ग्राहक ने झोला छीनने का प्रयास कर रहे उचक्के के हाथ पकड़कर शोर मचाना शुरू कर दिया। भागने का प्रयास कर रहे उचक्कों की बाइक की बैलेंस बिगड़ने से वे वहां गिर पड़े। शोर सुनकर लोगों ने उचक्के को दबोच लिया जबकि दूसरा बाइक को वहीं छोड़ फरार हो गया। बताया जाता है कि राशि लुटने से बच जाने पर ग्राहक भी वहां से खिसक लिए।
लहेरियासराय इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष राम किशोर शर्मा ने बताया कि गिरोह तक पहुंचने के लिए गिरफ्तार किए गए अपराधी से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिस ग्राहक के साथ वारदात हुई, वे शिकायत दर्ज कराने थाना नहीं पहुंचे हैं। उनका पता किया जा रहा है। श्री शर्मा ने बताया कि बैंक के अलावा बाहर का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।

Share

Leave a Reply