
करेंट लगने से दो मजदूरों की मौत, एक गम्भीर। Voice of Darbhanga

दरभंगा: बिजली का करंट लगने से सकतपुर थाना क्षेत्र के देवना गांव में दो मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जख्मी को डीएमसीएच रेफर किया गया है। मृतकों में सकतपुर थाना क्षेत्र के ककोढ़ा गांव निवासी जगरुनाथ महतो का पुत्र लक्ष्मण महतो (32) व महिया गांव निवासी मो. गुलाम रसूल नदाफ का पुत्र शकील नदाफ (25) शामिल है। गंभीर रूप से जख्मी की पहचान महिया गांव निवासी घुसका नदाफ के रुप में हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि देवना गांव निवासी राजेन्द्र यादव का मकान बनाने की ठेकेदारी ककोढ़ा गांव निवासी कासिम फरमान को दी गई थी। कासिम फरमान विगत कई दिनों से मकान बनाने का काम करता आ रहा था। सोमवार को जैसे ही पिलर ढालने का काम शुरू किया, वैसे ही मकान के ठीक बगल से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का तार अचानक मकान के पिलर में सट गया, जिससे मजदूर लक्ष्मण महतो व शकील नदाफ की मौत मौके पर ही गयी। वहीं, घुसका नदाफ बुरी तरह झुलस गया। जीवन
व मौत से जूझ रहे घुसका नदाफ का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर सकतपुर थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने मौके पर पहुंचकर दोनों लाश को अपने कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि लाश को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि घटना को लेकर गहन छानबीन चल रही है। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। इस अप्रिय घटना से दोनों मृतकों के परिवार में मातम छाया हुआ है। मृतक लक्ष्मण महतो की दो लड़की एवं एक लड़का है। वहीं मृतक मो. शकील नदाफ को एक लड़की एवं एक लड़का है।

