
बड़ी कामयाबी: दर्जन भर चोरी की बाइक के साथ तीन गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: एसएसपी मनोज कुमार ने मंगलवार को तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर अंतर जिला बाइक चोर गिरोह का उद्भेदन कर दिया। सभी के निशानदेही पर पुलिस ने एक दर्जन चोरी की बाइक बरामद किया है। इसमें दो बाइक शातिरों के पास मिली है। जबकि, शेष बाइक स्टेशन के पार्किंग से। गिरफ्त में आए बलराम कुमार उर्फ आर्यन व विश्वजीत कुमार उर्फ माइकल मधुबनी जिले के नगर थाने क्षेत्र के महराजगंज मोहल्ला निवासी क्रमश: मनोज कुमार पंजियार व दिलीप पंजियार का पुत्र है। जबकि, तीसरा राकेश यादव समस्तीपुर जिले के मुफस्सिल थाने क्षेत्र के चकनूर गांव निवासी रामचंद्र राय का पुत्र है। एसएसपी कुमार ने बताया कि पुलिस को समस्तीपुर व मधुबनी के अपराधियों के आने की सूचना मिली। इसके बाद सदर एसडीपीओ अनोज कुमार के नेतृत्व में लहेरियासराय थानाध्यक्ष आरके शर्मा, तकनीकी सेल के अवर निरीक्षक सत्येंद्र गुप्ता, सिपाही रामबाबू व सशस्त्र बल के साथ टीम गठित कर छापेमारी की। इस दौरान एमएल एकेडमी स्कूल के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग की। कुछ ही देर में दो बाइक पहुंचा जिसमें एक बाइक पर दो लोग सवार थे। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक को घुमाकर वापस भागने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने पीछा कर दोनों बाइक को घेर कर तीनों सवार को दबोच लिया। तलाशी के दौरान दोनों बाइक 14 बोतलें शराब बरामद की गई। पूछताछ में तीनों ने बताया कि दोनों बाइक चोरी की है और कोई कागजात नहीं है। यह
भी बताया कि दरभंगा के अलावा समस्तीपुर व मधुबनी में बाइक की चोरी कर उससे शराब का धंधा करते हैं और आवश्कता पड़ने पर आठ हजार रुपये में नेपाल के बॉर्डर पर जाकर बेच देते हैं। तीनों की निशानदेही पर पुलिस ने दरभंगा सहित मधुबनी व समस्तीपुर स्टेशन के पार्किंग से बरामद किया। एसएसपी ने कहा कि इन लोगों की निशानदेही पर पुलिस अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही
है। चोरी की एक दर्जन बाइक बरामद होने की सूचना पर कई लोग लहेरियासराय थाने पर आकर अपनी बाइक की पहचान की है। बसतपुर पंचायत के पूर्व मुखिया दयानंद पासवान अपनी बाइक को देखकर काफी खुश थे।

