
नामजद विद्युत अभियंताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बन्द रही स्टेशन रोड की दुकानें। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय स्टेशन रोड में प्रधान डाक घर के पास 23 जून को करेंट प्रवाहित बिजली के पोल की चपेत में आने से बहादुरपुर निवासी व्यवसायी नन्द कुमार कामत के पुत्र राहुल कुमार कामत की मौत का मामला तूल पकड़ने लगा है। इस मामले में दर्ज लहेरियासराय थाना कांड संख्या 319/18 में नामजद बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित तीन अभियंताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्टेशन रोड के व्यवसायियों ने शुक्रवार को अपनी-अपनी दुकानें बंद रखीं। अभियंताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उनलोगों ने नगर निगम व्यवसायी महासंघ के बैनर तले स्टेशन रोड में मार्च निकाला। इस दौरान वे प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
संघ के महानगर अध्यक्ष अशोक नायक की अगुवायी में
प्रदर्शन कर रहे व्यवसायी ‘राहुल के हत्यारे नामजद अभियुक्तों को अविलम्ब गिरफ्तार करो व ‘पुलिस प्रशासन व्यवसायियों को न्याय दो जैसे नारे लगा रहे थे। वे चेतावनी दे रहे थे कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो मजबूर होकर वे पूरे शहर को बंद कर देंगे।
आंदोलनकारी व्यवसायियों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता व महासंघ के महानगर अध्यक्ष अशोक नायक ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आपदा योजना के तहत अविलंब चार लाख की सहायता राशि व एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना से मृतक के परिवार को आवास मुहैया कराने की मांग भी प्रशासन से की।
उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी मांगें मानी नहीं जाती है तो वे आंदोलन को और भी ज्यादा विस्तारित करेंगे। बंद व प्रदर्शन में देवेन्द्र झा, प्रवीण कुमार, पंकज कुमार, प्रभाकर सिंह, शशिकांत कुमार, नंदन कुमार, फूल बाबू, गनौर सिंह, मदन खरगा, पप्पू झा, सुधीर मिश्र, सुमन गुप्ता, गोपाल गाड़ा आदि ने भाग लिया। लहेरियासराय स्टेशन रोड की सभी दुकानें बंद रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

