
भूमि विवाद में बांस से पीटकर वृद्ध की हत्या। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के बुढ़ियाबन गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद में गांव के ही तेतर नद्दाफ (65) की हत्या कर दी गयी। मौके पर थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश झा के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने लाश को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। घटना राजो एवं शंकरपुर पंचायत की सीमा पर हुई है।
नद्दाफ की पत्नी जुलेखा खातून ने बताया कि उसके पति अपने घर की टूटी छप्पर पर चढ़कर एस्बेस्टस की मरम्मत कर रहे थे। घर के बगल के मो. मजीद उर्फ गोरे व अन्य लोगों ने भूमि विवाद को लेकर इसका विरोध किया। गाली-गलौज के साथ ही बात बढ़ गई। नीचे से आरोपित ने उनके ऊपर बांस से प्रहार कर दिया। चोट लगते ही वे
किसी तरह छत से नीचे उतर गए। लेकिन नीचे आते ही मूर्छित होकर गिर गये। उन्हे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। इसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में मृतक के पत्नी जुलेखा खातून के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मौके से पुलिस ने बांस को जप्त कर लिया है, जिससे प्रहार किया गया था।

