
कड़ी सुरक्षा के बीच बीपीएससी की प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण सम्पन्न। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिला मुख्यालय स्थित 20 केंद्रों पर रविवार को बिहार लोक सेवा आयोग की 63वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। सुबह से ही बारिश के कारण परीक्षार्थियों को केंद्र जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई परीक्षार्थी भींगते हुए परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। बारिश के कारण परीक्षा आयोजकों को थोड़ी परेशानी हुई। डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी मनोज कुमार आदि ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया एवं परीक्षा का जायजा लिया। मालूम हो कि इस परीक्षा के लिए सीएम साइंस कॉलेज, सीएम कॉलेज, कुंवर सिंह कॉलेज मिल्लत कॉलेज, मारवाड़ी कॉलेज, एमएलएसएम कॉलेज, महारानी कल्याणी कॉलेज, महात्मा गांधी कॉलेज सुंदरपुर, जिला स्कूल, एनजेएम कॉलेज लहेरियासराय, एमएल एकेडमी लहेरियासराय, मारवाड़ी हाई स्कूल, ज्ञान भारती स्कूल लक्ष्मी सागर, पब्लिक स्कूल बेला, सुंदरपुर उच्च विद्यालय बेला, एलआर गर्ल्स हाई लहेरियासराय, राज हाई स्कूल हसनचक,हेरो इंग्लिश स्कूल सारा मोहनपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल सारा मोहनपुर, मैडोना इंग्लिश स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

