Home मुख्य टैंकर की ठोकर से साईकल सवार की मौत, लोगो ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga
मुख्य - July 8, 2018

टैंकर की ठोकर से साईकल सवार की मौत, लोगो ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सदर थाने क्षेत्र के दिल्ली मोड़ स्थित फोरलेन पर रविवार को एक अज्ञात टैंकर ने साइकिल सवार को रौंद दिया। स्थानीय लोग जब तक मदद के लिए पहुंचते उससे पहले ही साइकिल सवार दम तोड़ चुका था। मृतक की शिनाख्त सुंदरपुर अलीनगर निवासी गोपाल मंडल (40) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह साइकिल पर सवार होकर फोरलेन से अपने ससुराल कंसी जा रहा था। वह जैसे ही फोरलेन से आगे बढ़ा कि उसे पीछे से आ रही टैंकर ने रौंद दिया। चालक टैंकर सहित भागने में कामयाब रहा। मौके पर पहुंचे मब्बी ओपी प्रभारी गौतम कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। इसके बाद घटना की जानकारी मृतक के मोहल्लेवासियों को मिली। इस बीच पोस्टमार्टम होने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए घर लाया गया। लेकिन, घटना से आक्रोशित लोगों ने शव को फोरलेन पर रखकर दरभंगा-मुजफ्फरपुर मार्ग के परिचालन को ठप कर दिया। नाराज लोगों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लगभग दो घंटे तक सड़क जाम रहने लंबी दूरी तक वाहनों की लाइन लग गई। हालांकि, सदर थानाध्यक्ष राजन कुमार ने दल-बल के साथ पहुंचकर नाराज एवं आक्रोशित लोगों को काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन, कोई मानने को तैयार नहीं थे। मुआवजा के साथ स्थायी निदान की मांग पर सभी अड़े हुए थे। इधर, मृतक के परिजन दहाड़ मारकर रो रहे थे। काफी समझाने के बाद सभी मानने को तैयार हुए। बीडीओ रवि सिन्हा की मौजूदगी में मृतक के परिजनों को राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा योजना मद से 20 हजार व कबीर अंत्येष्टि योजना से तीन हजार रुपये दिए गए। साथ ही एक लाख रुपये अतिरिक्त मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके बाद सभी लोग जाम हटाने को तैयार हुए। सदर डीएसपी अनोज कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन को शव सौंप दिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share

Leave a Reply