Home मुख्य कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुआ जिले के 123 बूथों पर मतदान। Voice of Darbhanga
मुख्य - July 8, 2018

कड़ी सुरक्षा के बीच सम्पन्न हुआ जिले के 123 बूथों पर मतदान। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के 14 प्रखंडों के 123 बूथों पर 27 पदों के लिए रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पंचायत उपचुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। जिला पंचायती राज पदाधिकारी शत्रुघ्न कामती ने बताया कि कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। वार्ड सदस्य एवं पंचों के लिए हुए चुनाव की मतगणना शुरू हो चुकी है। मुखिया, सरपंच एवं पंसस पदों के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना 10 जुलाई की सुबह 8 बजे से प्रखंड मुख्यालय पर शुरू होगी। मालूम हो कि रविवार को हनुमाननगर प्रखंड की नेयाम छतौना पंचायत में मुखिया, दरभंगा सदर की धोई घाट एवं नैनाघाट, हायाघाट प्रखंड की सिधौली और सिंहवाड़ा प्रखंड की हरपुर पंचायत में सरपंच, हरिपुर एवं सकरपुर पंचायत में पंसस पदों के लिए पंचायत उप चुनाव हुए। उप चुनाव के बावजूद मतदाताओं में वोट के प्रति उत्साह दिखा। कड़ी धूप में वोटरों ने लाइन में लगकर अपने मताधिकार का उपयोग किया।
तारडीह से प्राप्त जानकारी के अनुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच ठेगहा के वार्ड 7 में पंचायत उपचुनाव सुबह सात बजे से शुरू हुआ। मतदाता मतदान करने के लिए जुटने लगे। ज्यों ज्यों समय चढ़ता गया मतदान में तेजी आई। इस मतदान केंद्र पर मतदाताओं की संख्या 419 थी। जिसमें महिलाओं की संख्या 211 एवं पुरुष मतदाता 208 थे। पंचायत उपचुनाव में पहली बार ईवीएम का उपयोग किया गया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से मतदान केंद्र को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था। सअनि जगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात थे। जोनल मजिस्ट्रेट जिला कल्याण पदाधिकारी विनोद प्रसाद, निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ धनंजय कुमार ने मतदान केंद्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कुल 267 वोट पड़े। मो. गुलजार अंसारी को 167 एवं मो. जियाउल रहमान को सौ मत मिले। मो. गुलजार अंसारी 67 मतों से विजयी घोषित किए गए।
हनुमाननगर से मिली जानकारी के अनुसार कड़ी प्रशासनिक चौकसी के बीच शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में नेयाम छतौना पंचायत में मुखिया तथा रुपौली पंचायत के वार्ड संख्या 12 में ग्राम कचहरी पंच पद के लिए उपचुनाव संपन्न हो गए। चिलचिलाती धूप और गर्मी के बावजूद लोगों ने लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने चहेते मुखिया पद के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान किया। पूरे मतदान के दौरान कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। मतदान संपन्न होने के साथ ही मुखिया बनने की होड़ में शामिल सभी छह तथा पंच के दो उम्मीदवारों के भाग्य इवीएम में बंद हो गए। मुखिया पद के लिए हुई वोटिंग के लिए नेयाम में सात, गोढ़ारी में तीन, उचौली व छतौना में दो-दो व रुपौली पंचायत के विशनपुर में एक बूथ समेत कुल पंद्रह बूथ बनाए गए थे। मतदान सुबह निर्धारित समय सात बजे शुरू होकर शाम पांच बजे संपन्न हो गया। मुखिया पद के लिए हुए चुनाव में पंचायत के 7632 मतदाताओं में से तकरीबन 4 हजार महिला पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया। मुखिया पद के चुनाव में 53 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं रुपौली पंचायत के वार्ड नंबर 12 के पंच पद के लिए हुए उपचुनाव में कुल 331 मतदाताओं में से 53.47 प्रतिशत ने मतदान किया। स्वच्छ और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए भूअर्जन पदाधिकारी अशोक कुमार झा बतौर पर्यवेक्षक पूरे दिन तैनात रहे। बतौर दंडाधिकारी डीपीओ प्रमोद साहू एवं पुलिस निरीक्षक शिवमुनि प्रसाद भ्रमणशील थे। निर्वाची पदाधिकारी ओम प्रकाश ने बताया कि सभी बूथों पर स्वच्छ व शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हो गया। ईवीएम के रखरखाव के लिए मनरेगा भवन को वज्रगृह बनाया गया है। मतों की गिनती 10 जुलाई की सुबह के दस बजे से होगी।

Share

Leave a Reply