
शिक्षक द्वारा छात्रा को अश्लील वीडियो दिखाने के आरोप पर जमकर हुआ बवाल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सोमवार को जूनियर क्लास में हिंदी पढ़ाने वाले शिक्षक द्वारा छात्राओं को मोबाइल से अश्लील वीडियो दिखाकर उनके साथ छेड़खानी करने के मामले के आरोप में बड़ा बवाल हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को भी उसने एेसा ही किया जिसके बाद पीड़िता पांचवीं क्लास की छात्रा ने घर जाकर अपनी मां से सारी बात बता दी। मां ने परिवारवालों को ये बात बताई जिसके बाद सोमवार को स्कूल खुलते ही बवाल मच गया।
नगर थाने क्षेत्र के लालबाग मोहल्ला स्थित पब्लिक स्कूल में स्कूली छात्रा को अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़खानी करने के मामले को लेकर सोमवार को अभिभावकों ने जमकर बवाल काटा और शिक्षक की जमकर धुनाई कर दी। मौके पर तुरत पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने के लिए जमकर लाठियां भाजीं, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर भी हमला कर दिया।
किसी तरह पुलिस आरोपित शिक्षक को सही सलामत गिरफ्तार कर थाने ले गई। आक्रोशितों ने पुलिस की गाड़ी पर जमकर पत्थरबाजी की। इसके बाद पुलिस ने पत्थर
फेंकने वालों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। बताया जाता है कि घटना की सूचना फैलते ही सैकड़ों की संख्या में लोगों ने स्कूल को घेर लिया था।
सभी आरोपित शिक्षक को स्कूल में जिंदा जलाने की बात कह पब्लिक को सौंपने की मांग कर रहे थे। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ के कारण शुरुआती दौर में लोगों का आक्रोश कम था। लेकिन, बाद में सभी आपे से बाहर हो गए। दर्जनों की संख्या में लोगों ने प्राचार्य सुजीत कुमार मिश्रा की धुनाई कर डाली और उनके चेंबर में भी तोड़-फोड़ किया।
इसके बाद जिस कमरे में आरोपित शिक्षक कुमार आनंद शंकर को बंद कर के रखा गया था वहां लोगों ने हमला कर दिया। बीच-बचाव करने के कारण आरोपित शिक्षक की पत्नी, पुत्री एवं अन्य एक छात्रा की पिटाई कर दी गई। हालांकि, इन लोगों ने भी आक्रोशितों को रोकने के दौरान धक्का-मुक्की की।
इस दौरान स्कूली बच्चे काफी डर गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद ने अपनी सूझबूझ से सभी आक्रोशितों को ऊपरी तल से नीचे भेजा। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी बच्चों को स्कूल से बाहर निकाल दिया गया। कई थानों की पुलिस ने बमुश्किल हंगामे को नियंत्रित किया।
इसके बाद आरोपित शिक्षक कुमार आनंद शंकर को गिरफ्तार कर गाड़ी पर बैठा लिया। पुलिस ने प्राचार्य सुजीत कुमार मिश्रा के अलावा स्कूल के गार्ड एवं आया को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ राकेश गुप्ता एवं सदर सीओ राकेश कुमार ने अपनी मौजूदगी में स्कूल को सील कर दिया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. महेश प्रसाद सिंह ने स्कूल पहुंचकर मामले की पड़ताल की। उन्होंने घटना की निंदा की और कहा कि जांच कर स्कूल के निबंधन को रद कर दिया जाएगा। भगवानदास मोहल्ले के रहने वाले आरोपित शिक्षक कुमार आनंद शंकर जूनियर क्लास में हिंदी पढ़ाते हैं। लेकिन, इस आड़ में स्कूली छात्राओं को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़खानी करते थे। पांचवीं वर्ग की एक छात्रा के साथ भी शनिवार को ऐसी घटना घटी।
छात्रा ने अपनी मां को सारी जानकारी दी। अगले दिन रविवार होने से मामला शांत पड़ा रहा। लेकिन, सोमवार को यह मामला तूल पकड़ लिया। पीड़ित छात्रा के परिजन ने स्कूल पहुंचकर आरोपित शिक्षक की पहचान कराई। इसके बाद बवाल शुरू हो गया।

