
मरीज के परिजनों ने नर्सिंग होम में जमकर किया हंगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: नगर थाने क्षेत्र के दिग्घी एक नर्सिंग होम में बुधवार को चिकित्सकों एवं मरीज के परिजनों के बीच जमकर हंगामा हुआ। दोनों तरफ से आरोप-प्रत्यारोप लगाया जा रहा था। देखते ही देखते स्थिति मारपीट में तब्दील हो गई। हंगामा होने से हास्पिटल के बाहर लोगों की काफी भीड़ लग गई। इसके बाद मामला और तूल पकड़ लिया। इस बीच अस्पताल का ग्रिल लगा दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद, कोतवाली ओपी प्रभारी उदय शंकर सहित कई थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। काफी मशक्कत बाद लोगों के आक्रोश को शांत कराया गया। इस बीच परिजनों ने मरीज की गंभीरता को देखते हुए दूसरे चिकित्सक के यहां ले गए। मरीज के परिजन उर्दू नीम चौक मोहल्ला निवासी व मुंबई आयकर विभाग के इंस्पेक्टर विशाल कुमार ने बताया कि उनकी बहन मेघा कुमारी गंभीर रूप से बीमार थी। 10 जुलाई को उसे दिन के दस बजे उसे भर्ती कराया गया। लेकिन, आज तक उसे चिकित्सक देखने नहीं आए। उसे आइसीयू में रखकर छोड़ दिया गया। स्थिति खराब होने पर जब चिकित्सक से बात की तो बाहर करने का धमकी देकर मारपीट करने लगे और परिचय देने के बाद भी उन्हें बंधक बना लिया। इस बीच उनके मरीज को निकाल कर बाहर कर दिया। इस मामले को लेकर उन्होंने थाने में आवेदन दिया है। साथ ही अनुसूचित जाति थाने में अलग से प्रतिवेदन दिया है। इधर, चिकित्सक शुक्ला ने बताया कि विशाल नामक शख्स अपने को आयकर विभाग का इंस्पेक्टर कह उनकी पत्नी डॉ. गुंजन त्रिवेदी के साथ गलत व्यवहार किया। इसके बाद उन्हें पकड़ कर बाहर कर दिया गया। इसके बाद वे कुछ लोगों को बुलाकर हंगामा करने लगे।
मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही सीसीटीवी कैमरा का फुटेज भी उपलब्ध कराया गया है। इधर, थानाध्यक्ष सीताराम प्रसाद ने बताया कि दोनों तरफ से शिकायत दर्ज कराई गई है। सीसीटीवी कैमरा में जो फुटेज दिखा है उसमें दोनों तरफ धक्का-मुक्की होता हुआ दिख रहा है। आगे अनुसंधान जारी है।

