
कर्नाटक के व्यवसायी पर गोली चलाने वाला पटना का युवक दरभंगा में गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बालूघाट दुर्गा मंदिर के पास शुक्रवार को एसटीएफ और कर्नाटक पुलिस ने छापेमारी कर बड़े व्यवसायी पर गोली चलाने के आरोपित को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। कर्नाटक के कोरामंगला थाना में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। उसकी पहचान पटना के फुलवारीशरीफ थाना क्षेत्र के बौली मोहल्ला निवासी अशरफ हुसैन के पुत्र आसिफ हुसैन के रूप में की गई है।
गिरफ्तार करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड की अनुमति मिलने के पुलिस उसे लेकर कर्नाटक रवाना हो गई। यहां से रवाना होने से पहले डीएमसीएच में उसकी मेडिकल जांच कराई गई थी। काफी दिनों से आसिफ यहां छिपा हुआ था। बंगलुरू के एसीएमएम कोर्ट ने उसकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानतीय वारंट जारी किया था।
बताया जाता है कि करीब एक महीने पहले आसिफ ने तीन चार लोगों के साथ मिलकर कर्नाटक में मक्का व्यवसायी पर गोली चलाई थी। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। मामले में दो-तीन लोग पहले ही गिरफ्तार को चुके हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए कई दिनों से उसने बालूघाट मोहल्ले में शरण ले रखी थी। यहां रहकर वह पेंटर का काम कर रहा था। सदर एसडीपीओ अनोज कुमार ने इसकी पुष्टि की।

