
छात्रा के साथ छेड़खानी का आरोपी शिक्षक हुआ गिरफ्तार। Voice of Darbhanga

दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के बालूघाट स्थित राधा रानी कन्या मध्य विद्यालय में छात्राओं के साथ छेड़खानी करने का आरोपित शिक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह को पुलिस ने शुक्रवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया है। सदर एसडीपीओ अनोज कुमार के नेतृत्व में विश्वविद्यालय थाना की पुलिस व टेक्नीकल सेल ने उसे गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के डर से वह पतोर ओपी क्षेत्र के एक गांव में छिपा हुआ था।
गुप्त सूचना व वैज्ञानिक अनुसंधान की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। सदर एसडीपीओ अनोज कुमार ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। थाना लाकर उससे पूछताछ की जा रही है। गुरुवार से ही उसकी तलाश में लगी पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद चैन की सांस ली। इससे पूर्व पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सदर थाना क्षेत्र के छोटाईपट्टी गांव स्थित उसके घर पर छापेमारी की थी। हालांकि वह पुलिस के हाथ नहीं आ सका। स्कूल में गुरुवार को हुए बवाल से पहले ही वह फरार हो गया था। छोटाईपट्टी के अलावा पुलिस ने उसे दबोचने के लिए पॉलीटेक्निक के पास स्थित उसके किराये के मकान में भी छापेमारी की गई। इसके अलावा बालूघाट में भी उसकी
तलाश की गई। पूर्व में वह बालूघाट में किराये के मकान में रहता था।
बताया जा रहा है कि करीब दस दिनों पहले उसने वहां का मकान खाली किया था। मामले में छात्राओं के परिजनों के बयान पर स्कूल की एचएम इंदिरा कुमारी व शिक्षक सत्येन्द्र कुमार सिंह पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। एचएमपर मामले को रफा दफा करने का आरोप है। पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं शिक्षक पर संगीन आरोप लगाने वाली छात्राओं का पुलिस कोर्ट में 164 को बयान करायेगी।

