
स्वास्थ समिति की बैठक में डीएम ने इंडोर एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था पर जतायी नाराजगी। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षात्मक बैठक समाहणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेदकर सभागार में आयोजित की गई। डीएम ने सभी स्वास्थ्य प्रबंधकों को अपने-अपने स्वास्थ्य केंद्र में खत्म हो गई दवाओं की सूची चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से सिविल सर्जन कार्यालय को भेजने का निदेश दिया गया। इंडोर की स्थिति से जिला पदाधिकारी ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसमें सुधार लाने का सख्त निदेश दिया। उपलब्ध एंबुलेंस सेवा पर भी डीएम ने गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए सुधार न हो पाने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। विभिन्न स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों एवं सर्जन की कमी बताए जाने पर जिला पदाधिकारी ने लिखित रूप से सभी उपस्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के चिकित्सकों को प्रतिवेदन देने का निदेश दिया। ताकि राज्य स्तर पर पत्र के माध्यम से चिकित्सकों की मांग की जा सके। स्वास्थ्य केंद्रों की मूलभूत सुविधाओं से संबंधित बैठक को नियमित रूप से करने को ही कहा गया। राज्य स्वास्थ्य समिति से आए चिकित्सक ने शिशु को मां के दूध की आवश्यकता एवं इसकी महत्ता की जानकारी विस्तार से दी। । बैठक में उपस्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को नियमित टीकाकरण से
संबंधित प्रखंडों में आहूत बैठक में निश्चित रूप से भाग लेने का सख्त निदेश दिया गया। बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के बैठक से अनुपस्थित रहने को जिला पदाधिकारी ने काफी गंभीरता से लिया। इस संबंध में उनसे स्पष्टीकरण पूछने का भी निदेश दिया गया। सभी उपस्थित बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को प्रखंडों में आवासन कर अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।

