
एक ही रात में ताला तोड़कर तीन घरो में चोरी से दहशत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के लगमा गांव में अज्ञात संगठित चोर गिरोह के सदस्यों ने एकसाथ तीन घरों को अपना निशाना बनाया। रात के अंधेरे में तीनों बंद पड़े घरों में ताला काटकर कमरे , आलमीरा, लॉकर, बक्सा, पेटी, अटैची आदि का ताला तोड़कर लाखों रूपये मूल्य के जेबरात, कीमती घरेलू सामान सहित नकद राशि पर चोरों ने हाथ साफ किया।
चोरी की घटना को जिस तरह से सफाई के साथ अंजाम दिया गया है उससे स्पष्ट पता चलता है कि चोरी से पूर्व तीनों घरों की अच्छी तरह से रेकी की गयी थी। चोरी के लिए इसबार सूने तथा बंद पड़े घरों को चुना गया । बताया जाता है कि गांव के दिगंबर झा सपरिवार पुणे में रहते हैं। चोरों ने इनके मुख्य दरवाजे तथा तीन कमरे की ताला को काटकर बक्सा, पेटी, अटैची, आलमीरा आदि तोड़कर आराम से चोरी कर चलते बने। गांव तथा आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। सुबह नींद खुलने पर टूटे ताला, इधर उधर बिखरे घरेलू सामान तथा जेबरात के खाली डिब्बे देखकर चोरी की जानकारी मिली।
इसी तरह शिवनंदन पोद्दार अपनी बेटी के यहां गये थे। घर में ताला बंद था। इनके दो कमरे को खोलकर 10 हजार रूपये नकद सहित 36 हजार रूपये मूल्य के जेबर की चोरी की जानकारी दी गयी है। भगवान झा आसाम में रहते हैं। इनके घर में एक कमरे को खोलकर चोरी की गयी। घटना की सूचना मिलते ही इंसपेक्टर मुकेश कुमार तथा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों तथा परिजनों से पूछताछ की। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि दो घरों से कितने की चोरी हुई इसका आकलन अभी नहीं हो पाया है। दोनों गांव से बाहर हैं। उन्हें घटना की जानकारी दी गयी है। आकलन तथा आवेदन मिलते ही प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।

