
इलाज में लापरवाही से आक्रोशित लोगों ने निजी नर्सिंग के खिलाफ किया हंगामा। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर के आयकर चौराहा के पास स्थित एक निजी नर्सिंग होम में इलाज में गड़बड़ी को लेकर मरीज के परिजनों ने जमकर बवाल किया। बवाल की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय थाना की पुलिस नर्सिंग होम पहुंची। पुलिस ने किसी तरह बवाल करने वाले को समझाया। परंतु देर शाम तक तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
घटना के संबंध में मरीज का पुत्र सुनील कुमार ने बताया कि उसकी मां उषा देवी को पेट में दर्द हो रहा था। उसने अपनी मां को पांच जुलाई को चिकित्सक से दिखाया। चिकित्सक ने मरीज की सभी पैथोलाजी जांच करायी। परंतु अल्ट्रासाउंड कराना उचित नहीं समझा। जांच रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सक ने बताया कि मरीज के पेट में पत्थर हो गया है। इसका आपरेशन किया जाएगा। चिकित्सक ने 13 जुलाई को आपरेशन का समय देते हुए फीस के तौर पर 30हजार जमा करने को कहा। मरीज के परिजनों ने आपरेशन शुल्क जमा कर दिया। परिजनों का कहना है कि चिकित्सक ने जब मरीज का पेट खोला तो पेट में ट्यूमर दिखाई दिया। उसके बाद चिकित्सक के द्वारा बताया गया कि इसको कैंसर है। इसका इलाज यहां नहीं हो पाएगा। यह बात कहते हुए चिकित्सक मरीज के परिजनों पर मरीज को ले जाने के लिए दबाव बनाने लगे। इसी बात से उग्र होकर रविवार को राजकुमार गंज में रहने वाले मरीज के परिजनों ने नर्सिंग होम पहुंचकर बवाल शुरू कर दिया। इधर चिकित्सक ने बताया कि मरीज के पास पुराना अल्ट्रासाउंड था। इसके आधार पर उन्होंने आपरेशन कर दिया। जब मरीज का पेट खोला गया तो
ट्यूमर देखकर यथावत बंद कर दिया गया। मरीज के परिजन को अधिक खर्चा नहीं हो, इसके लिए मरीज को ले जाने की सलाह दी गई।
विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष अजय नाथ झा ने बताया कि बवाल को देखते हुए पुलिस बल को नर्सिंग होम में तैनात कर दिया गया है। मरीज के परिजन की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है।

