
खाद्यान्न वितरण में दिनदहाड़े हो रही थी धांधली, अधिकारी ने किया गोदाम सील। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले में खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी कर जन वितरण प्रणाली के दुकानदार गरीबों की थाली से उसका निवाला छीन रहे हैं। ताजा मामला नगर निगम के वार्ड नंबर 29 के फेजुल्लाखा मोहल्ले का है। यहां जनवितरण की दुकान से दुकानदारों को चावल की कलाबजारी करते स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ा।
दरअसल, डीलर शिव कुमार महतो के जनवितरण के दुकान से एक व्यक्ति को बाइक पर चावल ले जाते स्थानीय लोगों ने देखा। जब उससे पूछताछ कि गयी तो उसने डीलर शिव कुमार महतो से खरीदारी की बात स्वीकार की। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत सदर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से की।
सूचना मिलते ही प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्राणनाथ मुन्ना मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने बाइक पर ले जा रहे अनाज को जब्त करते हुए जनवितरण दुकान का निरीक्षण किया। जिसमें 82 बोरा चावल और 81बोरा गेंहू पाया गया। वहीं, जब आनाजों को कागजात से मिलाया गया तो, कुल 50 बोरा अनाज गायब पाया गया। जिसके बाद आपूर्ति पदाधिकारी के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए डीलर की दुकान को सील कर दिया।
इस मामले में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी प्राणनाथ मुन्ना ने कहा कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर हमने जांच की। जिसमें यहां कालाबाजारी किए जाने की पुष्टि हुई है। बड़े पदाधिकारी को इसकी लिखित सूचना दे दी गई है। तत्काल गोदाम को सील किया जा रहा है ।

