
डीजल घोटाले मामले में कैशियर और ड्राइवर पर होगी कारवाई। Voice of Darbhanga

दरभंगा: नगर निगम सभागार में मंगलवार को मेयर बैजंयती देवी खेड़िया की अध्यक्षता में हुई सशक्त स्थायी समिति की बैठक में सदस्यों ने डीजल घोटाला के आरोपित ड्राइवर एवं कैशियर मुकेश कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कराने को ले हंगामा किया। सदस्य अजय कुमार जालान ने कहा कि यह सरासर गबन का मामला है। इससे मेयर एवं निगम की किरकिरी हुई है। इसका सभी सदस्यों ने समर्थन करते हुए कैशियर को बैठक में बुलाकर तेल की बाबत जानकारी ली। पूछा कि आखिर बिना लॉगबुक देखे कैसे ड्राइवरों को तेल दे दिया जाता है? बैठक में दो एजेंडे को छोड़कर बाकी सभी एजेंडों को हरी झंडी दे दी गई। बैठक के शुरू होते ही सदस्यों ने शहर की साफ-सफाई, जमादारों की मनमानी, तालाबों का अतिक्रमण, स्लाटर हाउस, वेंडिग जोन आदि का मुद्दा उठाया। सदस्य सोहन यादव ने कहा कि निगमकर्मी तालाब माफिया से मिले हुए हैं। लालबाग स्थित पोखरा वाली जमीन का जो भाग अतिक्रमित है, उसपर आगे क्यों नहीं कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्थायी समिति की बैठक नियमाकूल 15 दिनों के अंदर बुलाने की मांग की। अजय जालान ने कहा कि बैठक के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सारे पदाधिकारी बैठक में मौजूद रहे। विनोद मंडल ने नेशनल सिनेमा के पास हो रहे भवन निर्माण की जांच कराने की मांग की। हराही के पास पूर्व से बने जर्जर शौचालय की जगह नए शौचायल बनाने की मांग सदस्यों ने सदन से की। इसपर नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा ने कहा कि उपयुक्त जमीन को देखकर वहां शौचालय का निर्माण कराया जाएगा। सदस्यों ने बैठक के दौरान शहर में जगह-जगह खराब पड़े स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने की मांग की। नुसरत आलम ने राशन-कार्ड का मुद्दा उठाया। सुबोध कुमार ने अवैद्य निर्माण पर कार्रवाई की बात कहीं। बैठक में एजेंडा 10 में शामिल स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 में स्वच्छता संबंधी प्रचार-प्रसार हेतु होर्डिंग तथा एंगल लगाने में 7 लाख 90 हजार रुपये की स्वीकृति पर रोक लगाते हुए इसका ब्योरा मांगा गया। वहीं, एजेंडा 29 में शामिल तत्कालीन अनुज्ञप्ति प्रभारी अनिल कुमार सिंह के मामले पर वकील से राय लेने के बाद एजेंडा को अगली बैठक में शामिल करने की बात कहीं। मौके पर डिप्टी मेयर बदरुजमां खां, सहायक नगर अभियंता साऊद आलम, सिटी मैनेजर नरोत्तम कुमार साम्राज्य, राजस्व पदाधिकारी प्रजापति मिश्र, राकेश कुमार, सुमन सहाय, जितेंद्र, प्रभात कुमार, रवि कुमार आदि शामिल थे।

