
एक वर्ष के अंदर राज्य के सभी एपीएचसी बनेंगे हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर: मंत्री। Voice of Darbhanga

दरभंगा: सूबे में स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त बनाने की दिशा में केंद्र और राज्य सरकार प्रत्यनशील है। गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए तीव्र गति से काम किया जा रहा है। अगले एक वर्ष के भीतर राज्य के सभी 534 प्रखंडों में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर बनाया जाएगा। ये बातें बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कही। गुरुवार को सदर प्रखंड के कंशी पंचायत में 6 बेड के स्व. रामशरण जयवंश भगत अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि एपीएचसी के साथ-साथ यह बिहार का पहला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर है। जल्द ही अस्पताल के उन्नयन के लिए 24 लाख रुपये मुहैया कराए जाएंगे। पूर्व में जहां अस्पतालों में दवा और सुविधाओं की कमी थी, उसमें काफी सुधार आया है। अब
अस्पतालों में दवा और डॉक्टर दोनों मौजूद रहते हैं। उन्होंने अस्पताल के लिए दान स्वरूप दी गई भूमि के मालिक उत्तिम भगत और उनके पुत्र को पाग-चादर से सम्मानित किया। कहा कि उनके ही प्रयास से दान में दी गई भूमि का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की दिशा में किया जा रहा है।

