
बेखौफ चोरो का इलाका बनता जा रहा है जिले का घनश्यामपुर थानाक्षेत्र! Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के गनौन गांव में 19 जुलाई की रात अज्ञात संगठित चोर गिरोह के सदस्यों ने एकसाथ एक किराना दुकान सहित तीन घरों को अपना निशाना बनाया। चोर 88 हजार रूपये नकद समेत लगभग दो लाख रुपये मूल्य के सोना, घरेलू तथा किराना सामान उड़ा ले गये। घर के तथा आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
प्राप्त सूचना के मुताबिक विगत एक सप्ताह में चोरी की यह पांचवी वारदात है। जिससे पुलिस की कार्यशैली तथा मुस्तैदी पर सवालिया निशान उठने लगे हैं। लगातार हो रही चोरी की वारदात के बावजूद अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं होने से आमलोगों में दहशत तथा आक्रोश है। इस घटनाओं से इस क्षेत्र को जल्द ही बेखौफ चोरो का इलाका की संज्ञा दी जाने लगे तो अतिशयोक्ति नही होगी।
बताया जाता है कि चोरों ने गांव के ही किराना व्यवसायी बिनोद कुमार झा के मेन गेट, दुकान तथा कमरे की ताला की कुंडी काटकर अंदर घुसे। घटना के समय घर के लोग आंगन, बरामदा तथा घर में सो रहे थे। इसके बावजूद चोर यहां से 58 हजार नकद, एक अटैची तथा लगभग एक लाख रुपये मूल्य के किराना एवं घरेलू सामान ले गये। चोरी की घटना को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि घर में सोये लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। सुबह घर के बगल में फेंक दी गयी टूटे अटैची तथा इधर उधर बिखरे घरेलू सामान को देखकर लोगों को चोरी की जानकारी मिली।
इसी तरह उमेश चंद्र झा के घर में ताला काटकर घुसे चोर एक बक्सा उठाकर ले गये। जिसमें तीस हजार नकद
समेत एक सोने की अशर्फी तथा एक सोने की सिक्का समेत कई कीमती घरेलू सामान ले जाने की जानकारी दी गयी है। पूर्व जिप सदस्य महादेव झा के घर में चोर वेंटीलेशन होकर घुसे तथा उनका कीमती मोबाइल सेट लेते गये। बताया जाता है कि घर के लोगों के जागने के कारण यहां चोरों को कोई बड़ी कामयाबी नहीं मिल सकी।
सूत्रों के मुताबिक मार्च 2017 से लेकर अब तक चोरी की दो दर्जन से अधिक घटनाऐं हो चुकी हैं। जिसमें आएएस, रॉ के पूर्व अधिकारी, कमांडेंट, रिटायर्ड प्रोफेसर सहित कई नामचीन लोगों के घर चोरी की घटनाऐं हो चुकी है। जुलाई माह में ही एक सप्ताह के अंदर चोरी की यह पांचवी घटना है। इसके बाद भी पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा करने में विफल रही है। यह इस बात का प्रमाण है कि पुलिस इन घटनाओं को गंभीरता से नहीं ले रही । जब कहीं चोरी हो जाती है तो पुलिस की सक्रियता बढ़ जाती है। समय बीतने के साथ सब कुछ सामान्य हो जाता है।गनौन में चोरी की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा पीड़ितों एवं ग्रामीणों से पूछताछ की। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस लगातार कोशिश कर रही है। किरतपुर प्रखंड कार्यालय से बाइक चोरी का मामला संदेहास्पद है। रही बात गृहभेदन की तो कुछ क्लू हाथ लगे हैं। जल्द ही मामले की खुलासे की संभावना है। एक मामले का खुलासा होते ही सारे मामलों से पर्दा उठ जाएगा। उन्होंने लोगों से संयम बनाये रखने तथा पुलिस को सहयोग करने की अपील की है।

