
घर बैठे पैसे कमाने का लालच देकर लाखो की ठगी करने के खिलाफ छात्रों ने किया बवाल। Voice of Darbhanga

दरभंगा: घर बैठे रोजगार के नाम पर छात्रों से लाखों रुपये ठगी करने के मामले में पीड़ितों ने शनिवार को कोतवाली ओपी के पास सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित छात्र सड़क पर आगजनी कर दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। एक घंटे तक लहेरियासराय-दरभंगा मार्ग जाम रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। नाराज छात्रों का कहना था कि कोतवाली ओपी के 25 फीट की दूरी पर वर्ल्ड बुक आर्गनाइजेशन नामक फर्जी संस्था कार्यालय खोलकर आठ हजार से ऊपर छात्रों को चूना लगाया गया। लेकिन, इसकी भनक पुलिस को नहीं लगी। इस बीच कुछ छात्रों ने तोड़-फोड़ की कोशिश की। ओपी प्रभारी उदय शंकर ने आक्रोशित छात्रों को काफी समझाने की कोशिश की। लेकिन, कोई भी बात मानने को तैयार नहीं थे। सूचना पर पहुंचे लहेरियासराय थानाध्यक्ष आरके शर्मा, दंगा नियंत्रण दस्ता व महिला पुलिस बल की टीम को भी आक्रोश का सामना करना पड़ा। हालांकि, काफी मान-मनौव्वल के बाद संस्था पर प्राथमिकी दर्ज कार्रवाई करने के आश्वासन पर आंदोलन करने के लिए बाध्य हुए छात्र जाम हटाने को तैयार हो गए। इसके बाद छात्रों ने जाम हटाने को तैयार हो गए। इस तरह की घटना को देखते हुए एसएसपी मनोज कुमार ने
सभी थानाध्यक्षों को फर्जी संस्था पर पैनी नजर बनाने का निर्देश दिया है। एमएसयू कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित छात्रों ने एसएसपी से फरियाद की। इसमें एमएसयू के विश्वविद्यालय अध्यक्ष अमन सक्सेना, प्रवक्ता जय प्रकाश झा, संगठन मंत्री अविनाश भारद्वाज के अगुवाई में मौके पर नरेंद्र कुमार, शिवेंद्र वत्स, गणपति मिश्रा, मनीष पांडेय आदि शामिल थे। एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। कहा कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है, बहुत जल्द परिणाम देखने को मिलेगा।

