
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में पसरी गंदगी को देख जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को बहेड़ी प्रखंड पहुंच कर स्वास्थ्य केन्द्र और आरटीपीएस काउंटर का निरीक्षण किया और उसके बाद वहां के पंचायत प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत चल रही योजनाओं को लेकर जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया। अधिकृत रूप से दी गई जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में जब जिलाधिकारी पहुंचे, तो वहां गंदगी का अम्बार दिखा, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी को साफ-सफाई को लेकर निर्देशित किया और 15 दिनों के अंदर नाली बनवाने का कार्य पूरा करने का आदेश दिया। स्वास्थ्य सुविधा की जानकारी लेने के लिए स्वास्थ्य केन्द्र में गये, तो वहां उपस्थित चिकित्सकों ने चिकित्सकों के रिक्त पदों की ओर ध्यान दिलाया। इसके बाद जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को चिकित्सकों की नियुक्ति हेतु प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया। इसके
बाद जिलाधिकारी ने आरटीपीएस काउंटर पहुंच कर उसका जायजा लिया और वहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों को आवास योजना, स्वच्छता अभियान, शौचालय निर्माण, हर घर नल का जल योजना के विषय में लोगों को जानकारी दी। वहीं जनप्रतिनिधियों की समस्याओं से भी रू-ब-रू हुए जिलाधिकारी. जिलाधिकारी के साथ उपविकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो के अलावे जिलास्तर के अधिकारी मौजूद थे।

