
मण्डल कारा में कैदियों के बीच दस दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा मंडल कारा में सोमवार को दस दिवसीय कौशल विकास प्रशिक्षण का उद्घाटन मंडल कारा अधीक्षक ललन कुमार सिन्हा एवं सेन्ट आरसीईटी दरभंगा के निदेशक वंशीधर झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। ग्रामीण विकास विभाग केे प्रशिक्षकों ने बंदियों को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रशिक्षण दिया। कारा के बंदियों ने निर्धारित 60 कोर्सों में आधा दर्जन कोर्स में प्रशिक्षण लेने की दिलचस्पी दिखाई। संस्था ने बंदियों को बताया कि यह प्रशिक्षण मात्र दस दिनों का है लेकिन, अगले दो सालों तक प्रशिक्षक मार्गदर्शन देने का काम करेगी। ताकि, प्रशिक्षण लेने वाले बंदी रोजगार से जुड़ सके और अर्थ उपार्जन कर सके। पुरुष और महिला बंदियों के लिए अलग-अलग समूहों में अगरबती बनाना, सिलाई-कढ़ाई, कंप्यूटर, मुर्गी-बकरी पालन, डेयरी, वर्मी कम्पोस्ट, मशरूम उत्पादन आदि कोर्स को लेकर बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया। प्रथम सत्र के प्रशिक्षण में 46 पुरुष बंदी और 25 महिला बंदियों ने भाग लिया। कारा अधीक्षक ने कहा कि समय-समय पर इस तरह का प्रशिक्षण बंदियों को दिया जाएगा। ताकि, वे सामाजिक धारा से जुड़ कर स्वावलंबी बन सके। कारा से मुक्त होने के बाद प्रशिक्षण प्राप्त बंदी रोजगार अपनाकर अपने परिवार का जीवन यापन कर सकते हैं। कुशल एवं सामाजिक धारा में जुड़ने वाले बंदियों को सरकार की ओर से ऋण देने की योजना के विषय में उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। कहा कि ऋण लेने में कोई परेशानी नहीं होगी। यह एक सरल पद्धति है।

