
छत पर शराब छुपाने को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत के बाद सड़क जाम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: लहेरियासराय थाने क्षेत्र के बेलवागंज मोहल्ला में एक घर के छत पर शराब रखने से मना करने पर कारोबारियों द्वारा घर वालों को मारपीट कर घायल कर देने के आरोप में लोगों ने लहेरियासराय-दरभंगा सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर पुलिस एवं जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जो लोग अगल-बगल से निकलने की कोशिश करते थे उन्हें आंदोलनकारी भला-बुरा कह वापस कर देते थे। नाराज लोग शराब कारोबारियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। लोगों का कहना था कि शराब कारोबारियों के कारण मोहल्ला के लोगों का जीना मुहाल हो गया है। शिकायत के बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। शराब के दो मामले में मोनू महतो आरोपित है। एक बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार भी हो गया था। इस बीच वह बड़े पैमाने पर शराब बेच रहा था। इस कारण मोहल्ला के लोगों में काफी नाराजगी थी। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आरके शर्मा दल-बल के साथ पहुंचे । लेकिन, जाम हटाने को कोई राजी नहीं था । स्थानीय लोग वरीय अधिकारी के आश्वासन के बाद ही जाम हटाने की बात पर अड़े थे। आक्रोशित लोग डीएम और एसपी को आना होगा, आना होगा आदि नारा लगा रहे थे। स्थानीय लोगों के आक्रोश को देखते हुए लहेरियासराय थाने की पुलिस के अलावा बेंता, सदर, ट्रैफिक थाने की पुलिस मौके पर पहुंच कर आक्रोश शांत करने की कोशिशकी। अंतत: लहेरियासराय थानाध्यक्ष शर्मा ने आक्रोश को शांत करने के लिए पीड़ित परिवार के घर जाकर हाल जाना। लोगों से बात करने के बाद उन्होंने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। घटना के संबंध में बताया जाता है कि राजकुमार साह की पत्नी आशा देवी जब अपने छत पर गई तो मोहल्ला के ही मोनू महतो को शराब की बोतलें रखते हुए देख ली। जब वह विरोध की तो उसके साथ मारपीट करने पर उतारू हो गया और शराब की बोतलें हटाने से मना कर दिया। इसके बाद आशा देवी को मारपीट कर अधमरा कर दिया। मौके पर मोहल्ले में ही रहने वाले आशा देवी के मामा दीपक साह आवाज सुनकर पहुंच गए। इसके बाद मोनू के सहयोग में उसकी मां आशा देवी, भाई रवि महतो उर्फ लुलू, डोमू, राजन ठाकुर आदि पहुंच कर मारपीट करने लगे। इस बीच आशा देवी के मामा पर चाकू से वार कर दिया। लेकिन, चाकू दीपक की जगह पड़ोसी जीतू साह को लगी। सभी जख्मी को डीएमसीएच में इलाज के लिए ले जाया गया। इधर, पुलिस ने आरोपित मोनू की मां आशा देवी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद काफी मशक्कत कर पुलिस जाम हटाने में कामयाब हुई। मौके पर सदर थानाध्यक्ष राजन कुमार, बेंता के आशुतोष कुमार झा, ट्रैफिक इंचार्ज जयनंदन आदि पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे। इधर, आरोपित पक्ष के लोगों ने डीएमसीएच में इलाज कराकर पुलिस के समक्ष के समक्ष बयान दर्ज कराया है। महेश महतो की पत्नी जानकी देवी ने राजू साह, अमित कुमार, छोटू कुमार, राजू साह, बलराम साह आदि पर जबरन शराब बेचने की बात कह घर में घुस कर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

