
प्रधानमंत्री आवास योजना में अपेक्षित लक्ष्य प्राप्त नही करने वाले बीडीओ से स्पष्टीकरण। Voice of Darbhanga

दरभंगा: प्रधानमंत्री आवास योजना एवं सरकार के सात निश्चय के तहत चलाये जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक समाहरणालय स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में आहूत की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रखंडवार लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि की समीक्षा की गई। अबतक की प्रगति पर डीएम ने असंतोष व्यक्त किया। अपेक्षित लक्ष्य की प्राप्ति नहीं कर पाने वाले प्रखंडों के बीडीओ से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया गया। लापरवाह आवास सहायक तत्काल होंगे निलंबित डीएम ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के क्रम में प्रखंडों में पंचायतवार प्रधानमंत्री आवास योजना की सघन समीक्षा की जाएगी। एक-एक आवास सहायक के उपलब्धि का अनुश्रवण किया जाएगा। लापरवाह आवास सहायकों को तत्काल निलंबित किया जा सकता है। प्रखंडों में आहूत बैठकों में आवास सहायकों के भाग नहीं लेने की शिकायत पर नाराजगी व्यक्त की। कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उप विकास आयुक्त को प्रखंडवार तीन सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले आवास सहायकों को चिन्हि्त कर अनुशासनिक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह कार्यक्रम मिशन मोड में किया जाना है। पात्र लाभुकों का निबंधन बुधवार तक हर हाल में करें। उसके बाद जियो टैगिंग एवं सत्यापन का कार्य कर एफटीओ किया जाना है। प्रथम किश्त की राशि देने के दिन से पूरे एक साल के अन्दर प्रधानमंत्री आवास निर्माण का कार्य अन्य दो किश्तों की मदद से हर हाल में पूरा किया जाना है अन्यथा राशि नहीं मिल पाएगी। नल जल की उपयोगिता पर जागरूकता अभियान चलाएं सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अन्तर्गत हर घर नल का जल योजना के प्रगति की प्रखंडवार गहन समीक्षा की गई। नल का जल की उपयोगिता के बारे में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया। बताया कि आम लोगों को यह जानकारी दें कि नल का जल पीने एवं खाना पकाने के लिए उत्कृष्ट है। क्योंकि यह 300 फुट की गहराई से निकला हुआ पानी होता है। जिन पंचायत की वार्डों में अबतक यह कार्य शुरू नहीं हो पाया है, वहां के पंचायत सचिवों को अविलंब प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति कराकर कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।
विशेष स्वच्छता अभियान में सहभागिता का निर्देश सरकार द्वारा 16 जुलाई से 15 अगस्त 2018 तक मिलकर बनाएंगे स्वच्छ बिहार नाम से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। दरभंगा जिले को दिसंबर 2018 तक खुले में शौच से मुक्त कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए टोला, वार्ड, समुदाय, ग्राम पंचायत स्तर पर समुदाय आधारित सम्पूर्ण स्वच्छता कार्यक्रम, क्षमतावर्धन के साथ सूचना शिक्षा और संचार गतिविधियां जिलों में संचालित की जा रही है। गतिविधियों के स्थायित्व एवं विभिन्न विभागों की सहभागिता से राज्य के लक्ष्य में अपेक्षित प्रगति के दृष्टिकोण से यह अभियान चलाया जा रहा है।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्वच्छता चैंपियन को स्वच्छता सेनानी सम्मान से सम्मानित करने हेतु चयनित व्यक्ति की सूची 05 अगस्त तक जिला जल एवं स्वच्छता समिति को उपलब्ध कराने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया गया। मौके पर एक दिवसीय उन्मुखीकरण-सह-कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। शुरुआत में डीएम ने स्वच्छता शपथ दिलाई गई।
डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो ने कार्यक्रम की विस्तृत रूप-रेखा के बारे में जानकारी दी। इसमें सभी विभागों से समन्वय पर चर्चा, गोद लिए हुए गांव की घोषणा एवं पदाधिकारियों के कार्य दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की। 24 जुलाई को सभी विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता रैली निकालने का भी निर्देश दिया गया। सभी प्रखंडों में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम सह स्वच्छता शपथ समारोह आयोजित किया जाएगा। बैठक में डीआरडीए निदेशक मो. वसीम अहमद, तीनों एसडीओ राकेश गुप्ता, प्रदीप कुमार झा, ब्रज किशोर लाल, सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, डीपीआरओ कन्हैया कुमार, सभी बीडीओ एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

