
अवैध परिचालन को लेकर पुलिस सख्त, बिना परमिट चल रहे दर्जनो ऑटो जब्त। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शहर की सड़कों पर लाइसेंस बिना चलने वाले ऑटो की धड़पकड़ मंगलवार को शुरू हो गई। बेंता ओपी के सामने पुलिस ने सघन अभियान चलाकर दर्जनों ऑटो जब्त कर लिए। गैर कानूनी ढंग से चलाए जा रहे ऑटों के जब्त होने पर उनके संचालकों के बीच हड़कम्प मच गया। बेंता ओपी के सामने चेकिंग होते देख कई ऑटो चालकों ने उधर का रास्ता ही छोड़ दिया। जब्त किए गए ऑटो में कई ऐसे थे जो रूट चार्ट का उल्लंघन कर उधर से निकल रहे थे।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने स्कूल के बच्चों को लेकर जा रहे कई ऑटो भी रोके। इनमें से कई ऑटो चालकों के पास पाए गए कागजात दुरुस्त नहीं थे। ऑटो पर बच्चों को देख पुलिस ने चेतावनी देकर तत्काल इन ऑटो को जाने दिया। इन ऑटो के नम्बर नोट कर लिए गए। चालकों को चेतावनी दी गई कि अगली बार उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी मनोज कुमार ने पिछले दिनों साफ कर दिया था कि शहर में ऑटो के परिचालन के लिए अब नए परमिट
नहीं दिए जाएंगे। पूर्व से ही निर्धारित संख्या से अधिक ऑटो शहर में चल रहे हैं। इससे यातायात की समस्या खड़ी हो गई है। कई ऑटो चालक शहर में लागे वन वे का उल्लंघन कर रहे हैं जिससे यातायात की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। खासकर वन वे का उल्लंघन कर बेंता चौक पहुँचने वाले ऑटो हॉस्पीटल रोड होकर डीएमसीएच पहुंच रहे हैं। दर्जनों ऑटो डीएमसीएच के इमरजेंसी चौक पर खड़े रहते हैं जिससे मरीजों के वाहन व एंबुलेंस को इमरजेंसी विभाग तक पहुंचने में परेशानी होती है।

