
सात निश्चय योजना के निरीक्षण में सिंहवाड़ा पहुँचे जिलाधिकारी, किया जनसंवाद। Voice of Darbhanga

दरभंगा:बुधवार को जिले के सिंहवाड़ा प्रखण्ड के पंचायतों में जिला पदाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह के साथ अधिकारियों ने पहुंचकर योजनाओं की जांच की। डीएम सबसे पहले हरिहरपुर पश्चिमी पंचायत पहुंचे। वहां उन्होंने वार्ड 10 में नवनिर्मित हर घर नल जल योजना के अन्तर्गत जल-मीनार का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद डीएम ने वार्ड 10 में हर घर नल का जल योजना की पाइपों का निरीक्षण घर के अंदर जाकर किया। साथ-साथ घर तक गली-नली योजना के अन्तर्गत बनी सड़क एवं नाली का निरीक्षण किया। जिला पदाधिकारी ने सरकार के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देश के आलोक में कार्य करने का निदेश दिया। तत्पश्चात् जिला पदाधिकारी हरिहरपुर पश्चिमी पंचायत के महादलित टोले में लोक संवाद कार्यक्रम में भाग लेने हेतु पहुंचे । वहां उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने स्थानीय समस्याओं को बताने का अनुरोध किया। स्थानीय समस्याओं में बिजली, सड़क, खेलने का मैदान, उच्च विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र आदि से संबंधित प्रमुखता से बताई गई। जिला पदाधिकारी ने सड़क की समस्या के बारे में बताते हुए कहा कि इस संबंध में उनके आने के क्रम में ही ग्रामीण कार्य अभियंता, दरभंगा प्रमण्डल – 2 से वार्ता हो गई है। उन्होंने जानकारी दी है कि सड़क का डीपीआर बनाकर प्राक्कलन की स्वीकृति के लिए उच्च पदाधिकारी के पास भेजा जा चुका है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की संभावना है। तत्पश्चात् सड़क मरम्मत का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। पंचायत में उच्च विद्यालय की समस्या के बारे में जिला पदाधिकारी ने जानकारी दी कि सरकार ने यह घोषण कर रखी है कि प्रत्येक पंचायत में हाई स्कूल बनवाया जाएगा। यहां भी जमीन की उपलब्धता सुनिश्चित होने पर हाई स्कूल का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। बिजली की समस्या के बारे में उपस्थित कार्यपालक अभियंता ग्रामीण को आवश्यक दिशा-निदेश दिया गया। शौचालय निर्माण की महत्ता पर भी जिला पदाधिकारी ने प्रकाश डाला। वार्डों में 50 प्रतिशत शौचालय निर्माण के उपरांत राशि भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर देने की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी के द्वारा अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, हरिहरपुर का भी निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात् जिला पदाधिकारी पंचायत सरकार भवन, हरिहरपुर पूर्वी निरीक्षण हेतु पहुंचे। वहां निरीक्षण के उपरांत ¨सहवाड़ा प्रखण्ड मुख्यालय में जांच पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधिगण, पंचायत सचिव, आवास सहायक, जिला समन्वयक स्वच्छता के साथ बैठक करने पहुंचे। प्रखंड मुख्यालय ¨सहवाड़ा पहुंचते ही जिला पदाधिकारी ने आरटीपीएस काउंटर का बाहर एवं अन्दर से सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में आमजनों को दी जाने वाली सुविधाओं की भी जानकारी ली। तत्पश्चात् बैठक में भाग लेने पहुंचे। बैठक में जांच पदाधिकारियों के द्वारा कुछेक वार्डों में हर घर नल का जल योजना की शुरूआत नहीं किए जाने की बात बताए जाने पर संबंधित पंचायत के पंचायत सचिव पर जिला पदाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। वैसे लापरवाह पंचायत सचिवों से स्पष्टीकरण पूछने का निदेश दिया। 15 दिनों के अन्दर कार्य में प्रगति न हो पाने की स्थिति में संबंधित पंचायत सचिव को निलंबित करने की भी चेतावनी दी गई। जिला समन्वयक स्वच्छता को वैसे वार्ड जहां 50 प्रतिशत से अधिक शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है, भुगतान की प्रक्रिया अविलम्ब प्रारंभ करने का सख्त निदेश दिया गया। जन प्रतिनिधिगणों से उनके स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात् ससमय इसके निराकरण का भी आश्वासन जिला पदाधिकारी के द्वारा दिया गया। बैठक में सहायक समाहत्र्ता विवेक रंजन, अपर समाहत्र्ता मो. मोबीन अली अंसारी, उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, जिला अल्प संख्यक कल्याण पदाधिकारी-सह-वरीय प्रभारी पदाधिकारी सिंहवाड़ा प्रखण्ड मो. वशीम अहमद, जिला शिक्षा पदाधिकारी डॉ. महेश प्रसाद सिंह, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार, जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगमअभिनय भाष्कर, उत्पाद अधीक्षक श्री गणेश प्रसाद, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. विजय कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी संध्या सुरभि, जिला योजना पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद, जिला स्तरीय जांच पदाधिकारीगण उपस्थित थे।

