
दारूभट्ठी चौक का नाम बदलकर होगा डॉ0 राजेन्द्र प्रसाद चौक। Voice of Darbhanga

दरभंगा: नगर निगम की सामान्य बैठक शनिवार को मेयर बैजयंती देवी खेड़िया की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी, कूड़ा उठाव, साफ-सफाई, जातीय-आवासीय सर्टिफिकेट बनाने में हो रही गड़बड़ी, आवारा पशु आदि पर सदस्यों ने सवाल उठाए। बैठक के बीच में ही अस्वस्थता के कारण नगर आयुक्त नागेन्द्र कुमार सिंह के चले जाने के बाद सदस्यों के सवालों का जवाब नगर अभियंता रतन किशोर वर्मा ने दिया। बैठक में मौजूद विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह ने शहर के सभी वार्डों में पेयजल संकट दूर करने के मद्देनजर चापाकल देने की घोषणा की।
बैठक में भारत संचार निगम लिमिटेड द्वारा हसनचौक से आयकर चौक और रहमगंज से अललपट्टी तक ओएफसी केबुल बिछाने के लिए शुल्क मुक्त करने का प्रस्ताव को पारित किया गया।
सरकार के शराबबंदी के बावजूद एक चौराहे का नाम दारुभट्ठी चौक होना शहर के लिए अशोभनीय बताते हुए इसका नाम डॉ. राजेन्द्र प्रसाद चौक करने पर सहमति दी गई। एक अन्य एजेंडा वार्ड नं. 13 के पार्षद निशा कुमारी की अनुशंसा के आलोक में सात निश्चय के लिए नयी सूची पर विचार किया गया।
वार्ड नं. 16 के पार्षद सोहन यादव ने हराही तालाब के सौंदर्यीकरण और शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण की समस्या को उठाया। वार्ड नं. 4 के पार्षद पंडित वेद व्यास ने वार्ड
में खरंजाकरण कार्य में और शौचालय निर्माण में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया।
वार्ड नं 8 में प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का मामला पार्षद सह सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अजय जालान ने उठाया। नगर आयुक्त रतन कुमार वर्मा ने कहा कि जांच की जा रही है। वार्ड 12 के पार्षद उपेन्द्र कुमार ने ई रिक्शा, जेसीबी की कमी से वार्ड में कचरा उठाव प्रभावित होने की बात कही।
मेयर बैजयंती देवी खेड़िया ने बताया कि दुर्गा पूजा तक शहर के हरेक पोल पर बल्ब लगाया जाएगा। बैठक के अंतिम समय में पहुंचे नगर विधायक संजय सरावगी ने सदस्यों को बताया कि 31 अगस्त तक नमामि गंगे परियोजना के लिए डीपीआर बनाकर बुडको भेजेगा। 4 अगस्त को 67 करोड़ से पेयजल आपूर्ति योजना का उद्घाटन मंत्री करेंगे। उन्होंने कहा कि वार्ड में जहां भी ट्रांसफार्मर की जरुरत हो पार्षद बताएं और वहां ट्रांसफार्मर लगवाने में सहयोग करें। बैठक में डिप्टी मेयर बदरुज्जमां खां ‘बॉबी, सिटी मैनेजर नागमणि सिंह, सहायक नगर अभियंता सऊद आलम आदि मौजूद थे।

