
जिले में अबतक 7451 नये राशन कार्ड का हो चुका है वितरण। Voice of Darbhanga

दरभंगा : जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह ने मंगलवार को बताया कि सभी पात्र लोगों को खाद्य सुरक्षा का लाभ मिलें इसके लिए सभी प्रखंडों में आरटीपीएस के माध्यम से आवेदन लिये जा रहें हैं। उन्होंने कहा कि आवेदनों की विधिवत जांच कर एवं राशन कार्ड स्वीकृति कर लोगों के बीच बांटा जा रहा है। जिलाधिकारी मंगलवार को समाहरणालय स्थित अम्बेडकर सभागार में नये राशन कार्ड एवं पीडीएस अनुज्ञप्ति वितरण समारोह कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जिले में अबतक 7451 राशन कार्ड वितरित किये जा रहे हैं, जिसमें सदर अनुमंडल में 4083, बेनीपुर में 829 और बिरौल में 2539 कार्ड है। उन्होंने कहा कि आज जिला स्तरीय कार्यक्रम में
दो अनुज्ञप्ति दिये गये हैं। इससे पहले 587 नये अनुज्ञप्तियों का वितरण किया जा चुका है। कार्यक्रम में राज्य स्तरीय आयोजित कार्यक्रम की लाईव वेबकास्टिंग भी किया गया। आज ही उपभोक्ता फोरम के नजदीक 1 करोड़ 15 लाख की लागत से बनने वाले आपूर्ति शृंखला भवन का शिलान्यास हुआ। कार्यक्रम में डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, शत्रुध्न कामती, तीनों अनुमंडल के एसडीओ, जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी राजीव कुमार झा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

