
जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुरुवार को जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव गिर गया।
इस संबंध जानकारी देते हुए जिला सूचना एवं जन सम्पर्क पदाधिकारी लालबाबू सिंह ने बताया कि जिला परिषद के 11 सदस्यों द्वारा जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर 2 अगस्त को समाहरणालय स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सभागार में 11:00 बजे पूर्वाहन में जिलाधिकारी डॉ चन्द्रशेखर सिंह की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 9 सदस्य उपस्थित हुए । नियमानुसार आधे घंटे तक सदस्यों की प्रतीक्षा की गई । 11:30 बजे पूर्वाह्न बैठक की कार्यवाही प्रारंभ की गई। जिलाधिकारी द्वारा सदस्यों को अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया एवं प्रावधानों की जानकारी दी गयी। उसके बाद
जिला पदाधिकारी ने जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के विरूद्ध लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव को पढ़कर सुनाया।
अविश्वास प्रस्ताव के लिए आवश्यक उपस्थिति से काफी कम सदस्यों की उपस्थिति रही। उपस्थित सदस्यों द्वारा विशेष चर्चा के साथ एक मत से अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी उप विकास डॉ कारी प्रसाद महतो ,जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष आदि भी उपस्थित थे।

