
मुजफ्फरपुर रेपकांड के विरोध में मंत्री सुरेश शर्मा को दरभंगा में दिखाए गए काले झंडे। Voice of Darbhanga

दरभंगा: मुजफ्फरपुर बलिका गृह में हुए यौन शोषण का मामला बिहार सहित पूरे देश में छाया हुआ है। विपक्ष लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा से इस्तीफे की मांग कर रहा है। वहीं, स्थानीय विधायक और नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा के खिलाफ भी खासा विरोध देखा जा रहा है। एक कार्यक्रम के सिलसिले में दरभंगा पहुंचे मंत्री सुरेश शर्मा को लोगों ने काले झंडे दिखाए।
दरअसल नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा दरभंगा के लहेरियासराय में बस स्टैंड का उद्घाटन करने पहुंचे थे। जहां लहेरियासराय टावर पर एआईएसएफ के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को काला झंडा दिखाया और नीतीश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उनका आरोप था कि स्थानीय नेताओं की जानकारी के बिना इतनी बड़ी घटना नहीं हो सकती है। उन्होंने इसमें कई बड़े नेताओं के शामिल होने का आरोप लगाया और उनसे इस्तीफे की मांग की।
आपको बता दें कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह में 42 बच्चियों में से 34 बच्चियों के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई थी। मामले का खुलासा होने के बाद मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया था और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आरोपी के सभी संस्थानों का फंड रोक दिया गया। वहीं, इस मामले में समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा के पति का भी नाम सामने आया है।

