
कायम रही प्रखण्ड प्रमुख बेबी देवी की बादशाहत, अविश्वास प्रस्ताव खारिज। Voice of Darbhanga

दरभंगा: हायाघाट प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्रायसम भवन में प्रखंड प्रमुख बेवी देवी पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को चर्चा के साथ खारिज कर दिया गया। इस तरह प्रमुख बेवी देवी की बादशाहत कायम रही। शनिवार को निर्धारित समय से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के बीच ट्रायसम भवन में अविश्वास प्रस्ताव पर आयोजित विशेष बैठक में जिले से मजिस्ट्रेट के तौर पर तैनात बहेड़ी अंचलाधिकारी सह हायाघाट प्रभारी अंचलाधिकारी विमल कुमार कर्ण की देखरेख व बीडीओ राकेश कुमार की मौजूदगी में शुरू की गई बैठक में पतोर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य लालू कुमार शर्मा समेत दस पंचायत समिति सदस्य क्रमश विनोद प्रसाद यादव, अंजार जमाल, सविता देवी, रानी देवी, दिलीप साह, चमेली देवी, अशरफुन निशां, आब्दा खातून, अब्दुल कादिर ने बैठक में भाग लिया। जबकि काफी इंतजार के बाद भी प्रमुख बेवी देवी, उपप्रमुख फखरे आजम समेत दस पंचायत समिति सदस्य अविश्वास प्रस्ताव की विशेष बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। बीडीओ ने बैठक की अध्यक्षता कर रहे घोषरामा पंचायत के पंसस दिलीप साह से अनुमति लेकर आगे की प्रक्रिया को बढ़ाया। इस बीच पतोर पंचायत के पंसस लालू कुमार शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे सदस्यों ने प्रमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर चर्चा की। सदन में मौजूद दस पंचायत समिति सदस्यों ने हुई चर्चा में भाग लेते हुए बारी-बारी से प्रमुख बेवी देवी पर पद का दुरुपयोग करने सहित कई आरोप लगाया। इधर बीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि मत विभाजन के लिए पूरे 20 सदस्यों में कम से कम ग्यारह सदस्यों का उपस्थित रहना अनिवार्य है। जबकि सदन में मात्र 10 पंचायत समिति सदस्य ही पहुंच सके।
जिसके कारण मत विभाजन कार्य नहीं हो सका। जिसके कारण प्रमुख पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव खारिज कर दिया गया। इसके साथ ही प्रमुख अपने पद पर बनी रहेंगी। उन्होंने कहा कि सभी प्रक्रिया बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के नियम के तहत और पंचायती राज अधिनियम 2006 के प्रावधान के तहत पूरी की गई। इस मौके पर बीएओ कमरे आलम व हायाघाट थानाध्यक्ष दिलीप कुमार पाठक के नेतृत्व में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। वहीं इसको लेकर प्रखंड कार्यालय के बाहर पानी की बौछार के बीच लोगों का जमावड़ा लगा रहा। लोग परिणाम जानने को लेकर काफी उत्साहित थे। बताते चलें कि 18 जुलाई को प्रमुख बेवी देवी के विरुद्ध 11 पंचायत समिति सदस्यों ने पतोर पंचायत के पंसस लालू कुमार शर्मा की अगुआई में हस्ताक्षरयुक्त अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विशेष बैठक बुलाए जाने का एक आवेदन बीडीओ को दिया था। इसी आलोक में 4 अगस्त को प्रखंड पंचायत समिति की विशेष बैठक प्रखंड मुख्यालय स्थित ट्रायसम भवन में प्रस्तावित की गई थी।

