
जलजमाव को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम। Voice of Darbhanga

केवंटी: जल निकासी एवं नाला निर्माण की मांग को लेकर खिरमा के ग्रामीणों ने शनिवार को खिरमा – जलवारा एवं असराहा जाने वाली सड़क को पल्स टू जयलाल गेनालाल साह उच्च विद्यालय के समीप बांस बल्ला और चौकी से घेरकर करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था को ठप कर दिया। जलजमाव से परेशान ग्रामीण जलनिकासी व नाला निर्माण की मांग कर रहे थे। जाम से विद्यालय के छात्रों व लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। ग्रामीण रामविलास साह, बहादुर साह आदि ने कहा कि सड़क पर जलजमाव रहने से ग्रामीणों व राहगीरों तथा विद्यालय के बच्चों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय प्रशासन व जनप्रतिनिधियों का कई बार ध्यान आकृष्ट कराया गया है। बावजूद इस दिशा में आज तक
कोई पहल नहीं की गई। मजबूर होकर यह निर्णय लेना पड़ा है। जाम की सूचना मिलते ही सीओ अजीत कुमार झा एवं केवटी थानाध्यक्ष कौशल कुमार दलबल के साथ वहां पहुंचे। ग्रामीणों से बातें कर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया, तब जाकर जाम को हटाया गया। इस दौरान खिरमा पंचायत के मुखिया फूलकुमार राम ने 15 दिनों के अंदर जल निकासी के लिए नाला निर्माण का कार्य शुरू किए जाने का भरोसा ग्रामीणों को दिया।

