
शीघ्र पूरा करें आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका की नियुक्ति का कार्य: डीएम। Voice of Darbhanga

दरभंगा: शुक्रवार को आपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समेकित बाल विकास परियोजना से संबंधित मासिक समीक्षात्मक बैठक में निर्देश देते हुए जिलाधिकारी डॉ0 चंद्रशेखर सिंह कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी सप्ताह में 3 दिन क्षेत्र में रहकर निरीक्षण जरूर करें।
आंगनबाड़ी सेविका व सहायिका की नियुक्ति की समीक्षा में पाया गया कि जिले के 11 प्रखंडों में नव स्वीकृत केंद्रों के लिए 1029 सेविका एवं 954 सहायिका की नियुक्ति के लिए विज्ञापन निकला था । इनमें से अबतक 476 सेविका व 312 सहायिका की नियुक्ति पूरी हुई है। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अब तक नियुक्ति का कार्य पूरा नहीं हुआ है वहां मजिस्ट्रेटों की प्रतिनियुक्ति कर सेविका सहायिका की नियुक्ति का कार्य पूरा करा लेने को कहा गया । जिन 7 प्रखंडों में रिक्ति संबंधी विज्ञापन नहीं निकला है वहां एक सप्ताह के अंदर विज्ञापन निकालकर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया । नए नियुक्त सेविका व सहायिका को उचित तरीके से प्रशिक्षण दिलाने के लिए भी रोस्टर बनाने का निर्देश जिला प्रोग्राम पदाधिकारी को दिया गया।
पोषाहार वितरण की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को मिलने वाले पोषाहार की गुणवत्ता हर हालत में मानक के अनुरूप होनी चाहिए। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना से अधिकाधिक बालिकाओं को लाभान्वित कराने का निर्देश जिलाधिकारी ने सभी सीडीपीओ को दिया । समीक्षा में यह पाया गया कि अभी तक 4069 कन्या उत्थान संबंधी फॉर्म ऑनलाइन हुए हैं । जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेविका व पर्यवेक्षिका को यह लक्ष्य दिया जाए कि उनके क्षेत्र में कोई भी पात्र बालिका इस योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे। सभी बच्चों का सहूलियत से आधार बने इसलिए सभी आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका को आधार बनाने के लिए मशीन दी गई है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि वह आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों का नि:शुल्क आधार बनाएं एवं योग्य बालिकाओ का आवेदन प्राप्त करें।


