Home मुख्य माँ को करंट से बचाने के प्रयास में आर्मी के जवान की मौत। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 11, 2018

माँ को करंट से बचाने के प्रयास में आर्मी के जवान की मौत। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जिले के मनीगाछी प्रखंड से एक लोमहर्षक घटना की जानकारी मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रखंड क्षेत्र की राघोपुर उत्तरी पंचायत के दहौड़ा गांव में शनिवार को मां को करंट से बचाने में उसके 27 वर्षीय बेटे प्रभात कुमार यादव की मौत हो गई। वह गांव के राम प्रकाश यादव का पुत्र था। प्रभात 13 आरआर बटालियन में सिपाही के पद पर जम्मू-कश्मीर में पोस्टेड था। वह गत 25 जुलाई को एक माह की छुट्टी में घर आया था। घटना दोपहर करीब तीन बजे की बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार प्रभात की मां कपड़ों को धोकर आंगन में अरगनी पर सुखाने के लिए पसार रही थी। अरगनी के तार में अर्थिंग की वजह से करंट प्रवाहित हो रहा था। इसकी जानकारी उसकी मां को नहीं थी। गीला कपड़ा अरगनी पर देते ही जवान की मां रीता देवी करंट की चपेट में आकर छटपटाने लगी। आंगन में खड़ा प्रभात अपनी मां को बचाने के लिए जैसे ही वहां पहुंचा, दोनों उसकी चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गए। दोनों को सकरी स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। प्रभात के परिजन वहां से उसे दरभंगा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में ले गए। लेकिन, वहां भर्ती किये जाने से पहले ही प्रभात दम तोड़ चुका था। वहां के डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बटालियन के अधिकारी को फोन से सूचना दे दी गई है। लाश को पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया चल रही है।
प्रभात की मां का सकरी स्थित निजी नर्सिंग होम में उपचार किया जा रहा है। वहां उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। इस दुखद घटना की वजह से प्रभात की मां के पास आम लोगों को नहीं जाने दिया जा रहा है। प्रभात चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वर्ष 2010 में आर्मी की 13 आरआर बटालियन में उसकी बहाली हुई थी। प्रभात की शादी 2016 में सोनी के साथ हुई थी।

Share

Leave a Reply