Home मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने पहुँची पुलिस की पब्लिक से जमकर हुई भिड़ंत, आरोपी को छुड़ाया। Voice of Darbhanga
मुख्य - August 12, 2018

आरोपी को गिरफ्तार करने पहुँची पुलिस की पब्लिक से जमकर हुई भिड़ंत, आरोपी को छुड़ाया। Voice of Darbhanga

दरभंगा: रविवार को बहादुरपुर थाना की पुलिस को दिनदहाड़े एक आरोपी को गिरफ्तार करने में पब्लिक के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा और बिना आरोपी को लिए ही बैरंग लौटना पड़ा। रंगदारी मांगने के आरोपित को गिरफ्तार करने चट्टी चौक पहुंची बहादुरपुर थाने की पुलिस को रविवार को लोगों को विरोध झेलना पड़ा। पुलिस ने वहां पहुंचकर श्याम कामती नामक आरोपित को हिरासत में लेकर थाना ले जाने के लिए उसे जीप में बैठा लिया। यह देखते ही भारी संख्या में जुटे लोगों ने पुलिस के साथ जमकर नोंक झोंक व हाथापाई कर आरोपित को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। लोगों के तेवर को देख पुलिस को वहां से बैरंग लौटना पड़ा।
बताया जाता है कि बहादुरपुर थानाक्षेत्र के कबिलपुर निवासी शिवमुनि झा ने बहादुरपुर थाने में आवेदन देकर चट्टी चौक के पान दुकानदार श्याम कामती व उसके भाई सीताराम कामती पर उसके साथ मारपीट करने व 50 हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। इसी को लेकर बहादुरपुर थाने की पुलिस श्याम की गिरफ्तारी के लिए दोपहर करीब 12 बजे चट्टी चौक पहुंची। पुलिस ने श्याम को गिरफ्तार कर उसे जीप में बैठा लिया। इसे देखते ही उसके समर्थन में जुटी भीड़ भड़क उठी। लोगों ने श्याम को जबरन पुलिस की गिरफ्त से मुक्त करा लिया। मौका पाते ही श्याम बगल के एक घर में घुसकर छिप गया। पुलिस उसे गिरफ्तार करने वहां पहुंची। इसी दौरान लोगों ने पुलिस को घेर लिया और उसके साथ धक्का मुक्की करने लगे। वहां जुटी भीड़ पुलिस पर बिना वजह श्याम को गिरफ्तार करने का आरोप लगा कर श्याम को निर्दोष बता रहे थे। लोगों के विरोध के बीच पुलिस ने श्याम को गिरफ्तार करने का भरपूर प्रयास किया। हालांकि लोगों के कड़े तेवर को देखते हुए उसे वहां से बैरंग लौटना पड़ा। बताया जाता है कि धक्का मुक्की के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई।
बताया जाता है कि शनिवार की देर शाम चट्टी चौक पर श्याम कामती व शिवमुनि झा के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद शिवमुनि झा ने थाना पहुंचकर श्याम कामती के खिलाफ आवेदन दिया था। बहादुरपुर थानाध्यक्ष राज नारायण सिंह ने बताया कि मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है।

Share

Leave a Reply