
जनवितरण प्रणाली के खाद्यानों का ससमय उठाव पर डीएम सख्त, एमओ से स्पष्टीकरण। Voice of Darbhanga

दरभंगा: जन वितरण प्रणाली के खाद्यान्नों का समय पर उठाव एवं वितरण सुनिश्चित किया जाए। खाद्यान्नों के उठाव एवं वितरण में रोस्टर का सख्ती से पालन हो। जिलाधिकारी डॉ चंद्रशेखर सिंह ने आपूर्ति टास्क फोर्स की मासिक समीक्षात्मक बैठक में उक्त निर्देश दिए। रोस्टर बनाने की जिम्मेवारी सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को एवं इस रोस्टर के अनुपालन की जिम्मेदारी जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम को दिया गया। सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि आरटीपीएस काउंटर पर राशन कार्ड के लिए लिए जा रहे आवेदनों को लेना बंद न करें। जब तक सभी पात्र लाभुकों का राशन कार्ड न बन जाए तब तक आवेदन लेते रहना है। तैयार आवेदनों को आरटीपीएस काउंटर से ही वितरित करना सुनिश्चित करने को कहा गया। जिला में आरटीपीएस के माध्यम से राशन का निर्माण के लिए 1 लाख 9 हजार आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 59813 निष्पादित कर दिए गए हैं। 9636 लोगों का राशन कार्ड बन भी चुका है।
अंत्योदय अन्न योजना के लाभुकों के सत्यापन में पाया गया कि सदर अनुमंडल के 66 प्रतिशत राशनकार्डों को अंत्योदय राशन कार्डो का सत्यापन हुआ है । बेनीपुर में 71% एवं बिरौल में यह सत्यापन 75% है । जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को जल्दी इसे शत-प्रतिशत सत्यापित करने को कहा। अंत्योदय योजना से संबंधित सत्यापन में काफी पिछड़े प्रखंड सदर, शहरी सदर ,बहादुरपुर एवं मनीगाछी के आपूर्ति पदाधिकारी से शो कॉज किया गया। जिला के सभी एम ओ को इस काम मे लापरवाही बरतने के कारण खेद पत्र देने को कहा गया।
राशन कार्डों का आधार से लिंक करने के काम को भी जल्दी शत-प्रतिशत पूरा करने को कहा गया। ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत जिला के चिन्हित लाभुकों को उज्जवला गैस कनेक्शन से लाभान्वित कराने संबंधी कार्य को जल्दी पूरा कर लेने को कहा गया। बैठक से अनुपस्थित घनश्यामपुर , हायाघाट, बेनीपुर तथा सदर एम ओ से शोकॉज किया गया। दरभंगा के एम ओ से शोकॉज करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी शत्रुधन कामती, अनुमंडल पदाधिकारी सदर राकेश गुप्ता, एस डीओ बेनीपुर प्रदीप कु झा, एस डी ओ बिरौल ब्रज किशोर लाल, राज्य खाद्य निगम के जिला प्रबंधक अभिनय भास्कर डीपीआरओ लाल बाबू, समेत जिला के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गैस एजेंसी एवं डीलरों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।

