
बेनीपुर नप के मुख्य पार्षद एवं उप मुख्य पार्षद के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुरुवार को गहमा गहमी के माहौल के बीच बेनीपुर नगर परिषद के मुख्य पार्षद सुरेंद्र कुमार झा एवं उप मुख्य पार्षद मो. जफरुदीन खां के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया। बैठक की अध्यक्षता वार्ड पार्षद बलराम झा ने की। 9 अगस्त को मुख्य एवं उपमुख्य पार्षद के विरुद्ध 12 वार्ड पार्षदों द्वारा लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई। बैठक में वार्ड पार्षद संतोष झा, संयोगिता देवी रवींद्र कुमार मिश्र ने अविश्वास प्रस्ताव पर विशेष रूप से चर्चा की। मुख्य पार्षद एवं उपमुख्य पार्षद ने 12 वार्ड पार्षदों द्वारा लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर सफाई दी। कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजनाओं में फंड देर से आने के कारण लाभुकों को विलंब से आवंटित किया जाता है। आवास योजना में हमलोग लाभुकों से वसूली नहीं करते हैं। किसी अपने चहेते पार्षद को किसी भी कार्य मे तरजीह देने के आरोप को खारिज किया। कहा कि नप के कोई भी कर्मचारी किसी खास पार्षद को सहयोग नहीं करते हैं।
वहीं विरोधी खेमे के पार्षद डॉ. अली इमाम, अमरनाथ झा, बेबी ठाकुर, शाहजहां खातून, राधिका देवी, रेणु देवी सहित 12 वार्ड पार्षदों ने बैठक में भाग लेते हुए एक स्वर से कहा कि मुख्य एवं उपमुख्य पार्षद ने अपने ही समर्थक 12 वार्ड पार्षदों से अविश्वास प्रस्ताव लगवाकर कुर्सी बचाने का खेल किया है। यह लोकतंत्र की हत्या है।

