
जनहित के मुद्दों को गंभीरता से लेकर समय सीमा के अंदर निष्पादित करें अधिकारी: मंत्री। Voice of Darbhanga

दरभंगा: गुरुवार को समाहरणालय परिसर स्थित अम्बेडकर सभागार में आयोजित बीस सूत्री की बैठक में प्रभारी मंत्री महेश्वर हजारी ने 20 सूत्री की बैठक में कहा कि सदस्यों के द्वारा उठा जनहित के मुद्दों को संबंधित अधिकारी गंभीरता से लें एवं उसका समय सीमा के अंदर समाधान करें। उन्होंने कहा कि बैठक में सदस्यों की ओर से जिन प्रश्नों को उठाया गया है, उसपर किए गए कार्रवाई की गंभीरतापूर्वक समीक्षा अगली बैठक में होगी। जो भी अधिकारी इन मुद्दों के समाधान में उदासीनता बरतेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। बैठक की शुरुआत जिला में बाढ़ से बचाव एवं राहत संबंधी अब तक की गई तैयारियों के साथ हुई। आपदा प्रबंधन के प्रभारी पदाधिकारी ने बताया कि जिला में बाढ़ से बचाव की सभी तैयारी मानक के अनुरूप कर ली गई है। जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा कि जिला के सभी प्रमुख नौ तटबंध सुरक्षित है।बाढ़ आने की स्थिति में बचाव कार्य के लिए जियो बैग एवं अन्य जरूरी सामग्री की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। सभी महत्वपूर्ण बांधों पर होमगार्ड की तैनाती भी है। पॉलिथीन, पशुचारा, दवाई एवं डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति का कार्य भी जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी को ससमय करने के निर्देश दिया। इस दौरान नगर विधायक संजय सरावगी ने पेयजल, सड़क, शिक्षा एवं विकास संबंधी कई मुद्दों को उठाया। उन्होंने जिला शिक्षा पदाधिकारी को यह सुनिश्चित करने को कहा कि हाईस्कूलों में बेंच डेस्क एवं प्रयोगशाला के लिए जिन सामानों का क्रय किया जाना है उसे मानक के अनुरूप सुनिश्चित कराएं। सभी सदस्यों ने शिक्षा विभाग में पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था को और दुरुस्त करने को कहा। मध्यान्ह भोजन योजना में और सुधार लाने को कहा गया। सदस्यों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के कार्यों की जांच होगी। कई सदस्यों ने आपदा अनुग्रह अनुदान में दिए जाने वाले राशि नहीं मिलने का मुद्दा उठाया। जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व से लंबित सभी आपदा अनुग्रह अनुदान के मामले को एक सप्ताह में निष्पादित करें।

