
कालाबाजारी के संदेह में चावल लदा पिकअप ग्रामीणों ने पकड़कर किया पुलिस के हवाले। Voice of Darbhanga

दरभंगा: 15 अगस्त बुधवार की रात ग्रामीणों द्वारा संदेह के आधार पर एक चावल लदे पिकअप को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामला जिले के केवटी थानाक्षेत्र के दूधिया से खिरमा जाने वाली मार्ग के गेलहा गाछी दूधिया के समीप का है जहां कालाबाजारी के संदेह में बुधवार की रात स्थानीय लोगों ने चावल की बोरियों से लदे पिकअप वैन बीआर 06 जीबी 6595 के चालक समेत दो लोगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। चालक सुशील पंडित सीतामढ़ी जिले के परिहार थाने के खोकची गांव का निवासी है। जबकि राकेश कुमार साह दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के दड़िमा इटहरवा गांव का रहने वाला है। थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि चावल लदा एक पिकअप वैन खिरमा-पथरा की ओर आ रहा था। जिसे दूधिया गांव के लोगों ने कालाबाजारी के संदेह में गेलहा गाछी दूधिया के समीप उक्त पिकअप वैन को पकड़ लिया और इसकी सूचना केवटी थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चावल से लदे पिकअप वैन को अपने कब्जे में कर थाने लाया। थानाध्यक्ष ने इसकी सूचना बीडीओ सह एमओ महेशंचद्र को दी। सूचना मिलने पर बीडीओ सह एमओ गुरुवार को थाना पहुंच कर उक्त वैन पर लदे चावल की बाबत जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पकड़े गए सुशील पंडित एवं राकेश कुमार साह से चावल की बाबत पूछताछ की। बीडीओ सह एमओ ने बताया कि यह चावल भारतीय खाद्य निगम की है। इसकी जांच चल रही है।

