
दिनदहाड़े पूर्व बस संचालक को घर मे घुसकर पीटा, फिर टेम्पो से उठा ले जाकर रास्ते मे फेंका। Voice of Darbhanga

दरभंगा: दरभंगा में लगता है कानून व्यवस्था का डर अपराधियों में गायब होता जा रहा और दिनदहाड़े भी घटनाओं को अंजाम देने से नही चूक रहे हैं। नगर थाने क्षेत्र के मिर्जापुर चौक पर शनिवार की सुबह करीब नौ बजे भूमि विवाद में पूर्व बस संचालक रंजन प्रसाद सिंह(56) की पिटाई कर बदमाश टेंपो से उठा ले गए। करीब तीन घंटे बाद राजकुमार गंज के पास से लहूलुहान अवस्था में बरामद कर पुलिस ने इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया है। बताया जाता है कि पूर्व बस संचालक रंजन के आवास पर कुछ लोग अचानक पहुंच गए और गेट का ताला तोड़ अंदर प्रवेश कर गए। इस बीच जब रंजन आए तो उन्हें मारपीट कर अधमरा कर दिया। इसके बाद एक टेंपो से उठाकर बिस्फी रोड की ओर ले गए। वहां एक सूनसान जगह पर फिर से पिटाई की और राजकुमार गंज इलाके में सड़क किनारे वाहन से धक्का देकर गिरा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। परिजनों से पूछताछ की। रंजन की पुत्री ओनम कुमारी ने बताया कि 15 दिन पूर्व ही थाने में आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। कहा कि इस घटना को उसके मौसा कटहलवाड़ी मोहल्ला निवासी राजेश कुमार शर्मा एवं मामा बेगूसराय के मोहनपुर निवासी नरेंद्र प्रसाद सिंह सहित कई लोगों ने अंजाम दिया है। इसकी शिकायत उन्होंने एसएसपी एवं आइजी से करने की बात कही है। इधर, एएसआइ विजय कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा को खंगाला जा रहा है। सीसीटीवी कैमरा में कुछ फुटेज मिलने की बात सामने आई है।

