
पिटाई से घायल मुखिया पति ने इलाज के दौरान तोड़ा दम। Voice of Darbhanga

मनीगाछी: जिले में अपराधकर्मियों का हौसला लगातार बढ़े हौसले का परिचय देकर अपराध की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला जिले के मनीगाछी के वाजितपुर ओपी क्षेत्र का है। मारपीट से बुरी तरह जख्मी माउंबेहट पंचायत की मुखिया रीता देवी के पति रामकुमार साहु (50) की मौत इलाज के दौरान पटना में हो गई। इस संबंध में पंचायत की मुखिया रीता देवी के लिखित आवेदन पर मनीगाछी थाने में मामला दर्ज कर लाश को पोस्टमार्टम के लिए रविवार को डीएमसीएच भेज दिया गया है। बाजितपुर ओपी को दिए गए आवेदन के अनुसार घटना गत 18 अगस्त को दिन के करीब 11 बजे घटी। इस दौरान मुखिया पति रामकुमार साहू अपने दरवाजे पर कुछ अन्य लोगों के साथ बैठे थे कि एक बाइक पर अपने दो साथियों के साथ पलटन मंडल के पुत्र सरोज मंडल पहुंचे व रंगदारी नहीं देने का बहाना बनाकर रिवॉल्वर की बट से मारना शुरू कर दिया। अचानक इस घटना व चोट से भयभीत रामकुमार जान बचाने के लिए आंगन की तरफ भागे, लेकिन सरोज मंडल ने उनका पीछा करते हुए आंगन के गेट पर पकड़ लिया व मुंह में रिवाल्वर ठूसकर जान से मारने की धमकी दी। रिवॉल्वर की चोट से जख्मी व मुंह में रिवॉल्वर ठूंसे जाने से मुखिया पति राम कुमार वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें बेहोशी की हालत में देखकर सरोज अपने साथियों के साथ भाग निकले। रामकुमार को बेहोशी की हालत में उनके परिवार वालों ने मनीगाछी स्थित पीएचसी पहुंचाया, जहां के डाक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखकर उन्हें डीएमसीएच रेफर कर दिया। डीएमसीएच पहुंचने पर उन्हें चेतनाशून्य देखकर वहां के चिकित्सकों ने भी बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। इस संबंध में पंचायत की मुखिया रीता देवी ने सरोज मंडल पर हत्या का आरोप लगाकर बाजितपुर ओ पी अध्यक्ष को आवेदन दिया है। ओपी अध्यक्ष महेश्वर कुमार मिश्र ने बताया कि आवेदन के आलोक में कार्रवाई तेज कर दी गई है।

